ओडिशा T20 लीग: CM ट्रॉफी का दूसरा सीजन 20 सितंबर से, 6 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी
ओडिशा के क्रिकेट प्रेमियों के लिए उत्साह का समय लौट आया है। राज्य की अपनी टी20 लीग, 'ओडिशा टी20 लीग सीएम ट्रॉफी' का दूसरा संस्करण 20 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
ओडिशा के क्रिकेट प्रेमियों के लिए उत्साह का समय लौट आया है। राज्य की अपनी टी20 लीग, 'ओडिशा टी20 लीग सीएम ट्रॉफी' का दूसरा संस्करण 20 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह 10-दिवसीय टूर्नामेंट कटक के ऐतिहासिक बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें कुल 6 टीमें खिताब के लिए जोर-आजमाइश करेंगी।
इस टूर्नामेंट का नाम मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के खेलों, खासकर क्रिकेट को बढ़ावा देने के प्रयासों को सम्मान देने के लिए 'सीएम ट्रॉफी' रखा गया है। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य के युवा और उभरते क्रिकेटरों को एक बड़ा मंच प्रदान करना है, जहाँ वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
टूर्नामेंट का प्रारूप और टीमें
इस साल लीग में कटक पैंथर्स, भुवनेश्वर टाइगर्स, राउरकेला स्टीलर्स, क्योंझर माइनर्स, पुरी टाइटन्स और संबलपुर वॉरियर्स की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पिछले संस्करण में कटक पैंथर्स ने खिताब जीता था। टूर्नामेंट में कुल 17 मैच होंगे, जो 20 से 29 सितंबर तक फ्लडलाइट्स में खेले जाएँगे। टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन 6 सितंबर को होने वाले ड्राफ्ट के जरिए किया जाएगा।
युवा प्रतिभाओं के लिए बड़ा मौका
ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (ओसीए) के अध्यक्ष पंकज लोचन मोहंती ने इस लीग को राज्य में क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा, "हमारा ध्यान न केवल एक प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट आयोजित करने पर है, बल्कि एक ऐसा मंच बनाने पर भी है जहां युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर सकें, सीख सकें और आगे बढ़ सकें।"
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह लीग युवा खिलाड़ियों को आईपीएल फ्रेंचाइजी और राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करने में मदद करेगी। मोहंती ने कहा, "हमने देखा है कि कई दूसरी लीगों में खिलाड़ी घरेलू टी20 क्रिकेट से आईपीएल और फिर नेशनल टीम तक पहुंचे हैं। हमें उम्मीद है कि 2026 सीजन के कम से कम कुछ खिलाड़ी अगले सीजन के आईपीएल ऑक्शन तक पहुंच पाएंगे।"
टूर्नामेंट की आधिकारिक शुरुआत ट्रॉफी अनावरण समारोह के साथ हुई, जिसमें ओसीए अध्यक्ष पंकज लोचन मोहंती, संयुक्त सचिव प्रभात भोल, कोषाध्यक्ष विकास प्रधान और एपेक्स काउंसिल के सदस्य प्रताप चंद्र प्रधान मौजूद थे। यह आयोजन सिर्फ एक घरेलू टूर्नामेंट से बढ़कर, ओडिशा के क्रिकेटरों के लिए बड़े सपने देखने का एक अहम मंच माना जा रहा है।
इनपुट: IANS


