महिला एशिया कप 2026 का ऐलान: भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला 5 सितंबर को
क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है, एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने महिला एशिया कप 2026 के पूरे कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट का यह छठा संस्करण 28 अगस्त से शुरू होगा, जिसमें सभी की निगाहें…
क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है, एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने महिला एशिया कप 2026 के पूरे कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट का यह छठा संस्करण 28 अगस्त से शुरू होगा, जिसमें सभी की निगाहें 5 सितंबर को होने वाले भारत और पाकिस्तान के बीच 'हाई-वोल्टेज' मुकाबले पर टिकी होंगी। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, सभी मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में फ्लडलाइट्स के नीचे खेले जाएंगे।
इस बार टूर्नामेंट में 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है। भारत को पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग (चीन) के साथ 'ग्रुप-ए' में जगह मिली है। वहीं, 'ग्रुप-बी' में श्रीलंका, बांग्लादेश, यूएई और इंडोनेशिया की टीमें शामिल हैं।
टूर्नामेंट का फॉर्मेट और पिछला इतिहास
यह पूरा टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करेंगी, जिसके बाद 13 सितंबर को खिताबी मुकाबला होगा। उल्लेखनीय है कि महिला एशिया कप की शुरुआत 2004 में हुई थी और शुरुआती चार संस्करण वनडे फॉर्मेट में खेले गए, जिनमें भारत ने जीत हासिल की थी।
साल 2012 से यह प्रतियोगिता टी20 प्रारूप में खेली जा रही है। भारत ने 2012 और 2016 में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। 2018 में बांग्लादेश ने भारत को मात दी, जबकि 2022 में भारत ने श्रीलंका को हराकर सातवीं बार ट्रॉफी अपने नाम की। हालांकि, 2024 में श्रीलंका ने 8 विकेट से जीत दर्ज कर अपना पहला खिताब जीता था।
भारत के मुकाबले और पूरा शेड्यूल
ग्रुप स्टेज में भारत के मैच:
- 30 अगस्त: भारत बनाम थाईलैंड
- 3 सितंबर: भारत बनाम हांगकांग (चीन)
- 5 सितंबर: भारत बनाम पाकिस्तान
अन्य महत्वपूर्ण तारीखें:
- 10 सितंबर: पहला सेमीफाइनल (ए1 बनाम बी2)
- 11 सितंबर: दूसरा सेमीफाइनल (बी1 बनाम ए2)
- 13 सितंबर: फाइनल
इनपुट: IANS


