3M ओपन: 21 साल के जैक्सन कोइवुन की तूफ़ानी पारी, रिकॉर्ड तोड़ स्कोर के साथ खिताब के करीब
अमेरिका के 21 वर्षीय गोल्फर जैक्सन कोइवुन अपने पहले पीजीए टूर खिताब से बस एक कदम दूर हैं। 3M ओपन के तीसरे राउंड में उन्होंने टूर्नामेंट के रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए 10-अंडर 61 का हैरतअंगेज स्कोर…
अमेरिका के 21 वर्षीय गोल्फर जैक्सन कोइवुन अपने पहले पीजीए टूर खिताब से बस एक कदम दूर हैं। 3M ओपन के तीसरे राउंड में उन्होंने टूर्नामेंट के रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए 10-अंडर 61 का हैरतअंगेज स्कोर बनाया। इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें फाइनल राउंड से पहले तीन शॉट की निर्णायक बढ़त दिला दी है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, जैक्सन ने पिछले महीने ही प्रोफेशनल गोल्फर के तौर पर अपना सफर शुरू किया था। ब्लेन के टीपीसी ट्विन सिटीज में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में उन्होंने अब तक 64, 68 और 61 के राउंड खेले हैं, जिससे उनका कुल स्कोर 20-अंडर पार हो गया है।
शानदार प्रदर्शन और नए रिकॉर्ड
तीसरे राउंड में कोइवुन का खेल लाजवाब रहा, जिसमें छह बर्डी और दो ईगल शामिल थे। उनका प्रदर्शन आखिरी नौ होल (बैक नाइन) में और भी निखर कर आया, जिसे उन्होंने सिर्फ आठ-अंडर 28 में पूरा किया। यह टूर्नामेंट के इस हिस्से का एक नया रिकॉर्ड भी है। ऑबर्न में अपने कॉलेज करियर के दौरान दुनिया के टॉप-रैंक एमेच्योर रह चुके जैक्सन ने प्रोफेशनल सर्किट में तेजी से अपनी जगह बनाई है। यह उनका 13वां पीजीए टूर टूर्नामेंट और बतौर प्रोफेशनल सिर्फ तीसरा है।
अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन
इस खिताबी दौड़ में कोइवुन के सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी बेन कोहल्स और एमिलियानो ग्रिलो हैं। दोनों खिलाड़ी 17-अंडर पार के कुल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं और कोइवुन से तीन शॉट पीछे हैं। तीसरे राउंड में दोनों ने पांच-अंडर 66 का कार्ड खेला।
वहीं, शुक्रवार को 12-अंडर 59 का ऐतिहासिक स्कोर बनाने वाले माइकल किम अपनी लय बरकरार नहीं रख सके। तीसरे राउंड में वन-अंडर 70 के स्कोर के साथ वह 15-अंडर पर छठे स्थान पर खिसक गए हैं। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी स्कॉटी शेफलर ने भी दमदार वापसी करते हुए सेवन-अंडर 64 का स्कोर किया और 14-अंडर के साथ संयुक्त नौवें स्थान पर पहुंच गए।
भारतीय खिलाड़ियों की स्थिति
इस टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। भारतीय मूल के गोल्फर सुदर्शन येल्लामाराजू कट हासिल करने में नाकाम रहे। वहीं, हीरो-समर्थित खिलाड़ी साहित थीगाला, एरॉन राय और अक्षय भाटिया ने इस इवेंट में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया था।
इनपुट: IANS


