क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 की दौड़: नेपाल में प्लेऑफ का मंच तैयार, 8 टीमों के बीच होगी कड़ी टक्कर
आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 में जगह बनाने की उम्मीदें लेकर आठ टीमें नेपाल में भिड़ने को तैयार हैं। 4 दिसंबर से काठमांडू में शुरू हो रहे क्वालीफायर प्लेऑफ में मेजबान नेपाल, कनाडा और संयुक्त अरब…
आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 में जगह बनाने की उम्मीदें लेकर आठ टीमें नेपाल में भिड़ने को तैयार हैं। 4 दिसंबर से काठमांडू में शुरू हो रहे क्वालीफायर प्लेऑफ में मेजबान नेपाल, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) समेत आठ टीमें चार महत्वपूर्ण स्थानों के लिए जोर-आजमाइश करेंगी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह टूर्नामेंट 21 दिसंबर तक चलेगा और राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेला जाएगा।
प्लेऑफ के पहले दिन ही मैदान पर रोमांच देखने को मिलेगा जब मेजबान नेपाल का सामना त्रिभुवन यूनिवर्सिटी क्रिकेट ग्राउंड पर इटली से होगा। इसी दिन मुलपानी क्रिकेट ग्राउंड पर नामीबिया और युगांडा की टीमें आमने-सामने होंगी। इन टीमों के अलावा कुवैत और जर्सी भी इस प्रतिस्पर्धा का हिस्सा हैं।
ग्लोबल क्वालीफायर का रास्ता
इस प्लेऑफ की शीर्ष चार टीमें 10-टीमों वाले ग्लोबल क्वालीफायर में अपनी जगह पक्की करेंगी, जो विश्व कप 2027 के लिए आखिरी चार टीमों का फैसला करेगा। ग्लोबल क्वालीफायर के लिए पहले से ही कुछ टीमें अपनी जगह बना चुकी हैं। इनमें आयरलैंड और वेस्टइंडीज शामिल हैं, जो विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने वाली आठ टीमों के बाद सर्वोच्च रैंक वाली दो टीमें हैं (मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को छोड़कर)। वहीं, यूएसए, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और ओमान ने आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग-2 के जरिए अपनी जगह सुनिश्चित की है।
कैसा होगा 2027 का विश्व कप?
ग्लोबल क्वालीफायर जीतने वाली टीम को सीधे आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 के ग्रुप स्टेज में प्रवेश मिलेगा। दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को नई 'सुपर सीरीज' में शामिल किया जाएगा। 2027 का विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की सह-मेजबानी में 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक आयोजित होगा। इस टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें 12 अलग-अलग स्थानों पर 57 मैच खेलेंगी।
इनपुट: IANS


