AFC U-17 महिला एशियाई कप: भारतीय टीम ग्रुप-E में, मलेशिया, सीरिया और इराक से होगी टक्कर
भारतीय अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम एक बार फिर इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम को 2027 में होने वाले AFC अंडर-17 विमेंस एशियन कप के क्वालिफायर्स के लिए 'ग्रुप-ई' में जगह मिली है, जहाँ उसका…
भारतीय अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम एक बार फिर इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम को 2027 में होने वाले AFC अंडर-17 विमेंस एशियन कप के क्वालिफायर्स के लिए 'ग्रुप-ई' में जगह मिली है, जहाँ उसका सामना मलेशिया, सीरिया और इराक से होगा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन क्वालिफायर मुकाबलों की मेजबानी मलेशिया करेगा।
कुआलालंपुर में गुरुवार को हुए ड्रॉ में यह फैसला हुआ। भारतीय टीम के लिए यह टूर्नामेंट काफी अहम है, क्योंकि उसका लक्ष्य लगातार दूसरी बार मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करना है। यह क्वालिफायर मुकाबले 5 से 11 अक्टूबर, 2026 के बीच सिंगल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेले जाएँगे।
पिछला प्रदर्शन और आगे की राह
2026 के संस्करण में भारतीय टीम ने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था, जहाँ उसे मेजबान चीन से 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस बार 'ब्लू टाइग्रेस' उस प्रदर्शन को और बेहतर करना चाहेगी। अपने अभियान की शुरुआत भारतीय टीम इराक के खिलाफ करेगी, जिसके बाद उसे सीरिया और मेजबान मलेशिया से भिड़ना है।
कैसे मिलेगी फाइनल में जगह?
इस क्वालिफिकेशन प्रक्रिया में कुल 30 टीमों को आठ ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की विजेता टीम ही 2027 में चीन के सूजौ में होने वाले AFC अंडर-17 विमेंस एशियन कप के फाइनल राउंड में पहुंचेगी। इन आठ टीमों के साथ 2026 की शीर्ष चार टीमें—चैंपियन डीपीआर कोरिया, उपविजेता जापान, ऑस्ट्रेलिया और चीन—भी शामिल होंगी, जिन्हें सीधे एंट्री मिली है। फाइनल टूर्नामेंट का आयोजन 31 मार्च से 17 अप्रैल, 2027 तक होगा। टूर्नामेंट की शीर्ष चार टीमें मोरक्को में होने वाले फीफा अंडर-17 विमेंस वर्ल्ड कप 2027 के लिए भी क्वालीफाई करेंगी।
इनपुट: IANS


