एशियन बॉक्सिंग: 8 भारतीय मुक्केबाज़ गोल्ड मेडल की दौड़ में, 7 ने जीता कांस्य
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में चल रही एशियन अंडर-19 और अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाजों ने अपना दबदबा कायम रखा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के 8 युवा…
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में चल रही एशियन अंडर-19 और अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाजों ने अपना दबदबा कायम रखा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के 8 युवा मुक्केबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि 7 अन्य ने सेमीफाइनल तक पहुंचकर कांस्य पदक अपने नाम किया है।
5 जुलाई से 16 जुलाई तक आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता के अंडर-23 वर्ग में भारतीय महिला और पुरुष, दोनों ही टीमों ने शानदार खेल दिखाया। महिला वर्ग में पाँच मुक्केबाजों ने फाइनल में प्रवेश किया, वहीं पुरुष वर्ग में तीन मुक्केबाज़ स्वर्ण पदक के लिए रिंग में उतरेंगे।
महिला मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन
भारत की पाँच महिला मुक्केबाजों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया। इनमें निशा (54 किग्रा) और निकिता चंद (60 किग्रा) ने तो पहले ही राउंड में रेफरी स्टॉप कॉन्टेस्ट (RSC) के जरिए क्रमशः दक्षिण कोरिया की हेजू ली और जापान की सारी कोकुफू को मात दी। काजल (65 किग्रा) ने भी दूसरे राउंड में किर्गिस्तान की गुल्जिना मेल्सवेक को RSC से हराया। वहीं, मुस्कान (75 किग्रा) ने उज्बेकिस्तान की तोइरोवा ओयशा पर 5-0 से और प्रियंका (80+ किग्रा) ने कजाकिस्तान की पनार सेइतखांकीजी पर 5-0 से एकतरफा जीत हासिल की।
पुरुषों ने भी दिखाया दम
पुरुषों के अंडर-23 वर्ग में भी भारतीय मुक्केबाजों का जलवा देखने को मिला। विश्वनाथ सुरेश (50 किग्रा) ने फिलीपींस के अपने प्रतिद्वंद्वी को 5-0 के स्पष्ट अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। एक कड़े मुकाबले में गंगा (55 किग्रा) ने जापानी मुक्केबाज को 3-2 के स्प्लिट फैसले से हराया। वहीं, वंशज (65 किग्रा) ने किर्गिस्तान के मुक्केबाज पर 4-1 से जीत दर्ज करते हुए खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
सात मुक्केबाजों ने जीता कांस्य
फाइनल में पहुँचे आठ खिलाड़ियों के अलावा सात भारतीय मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल तक का सफर तय कर देश के लिए कांस्य पदक पक्के किए हैं।
इनमें महिला वर्ग से तनु (51 किग्रा), प्राची (57 किग्रा), शिवानी (70 किग्रा) और नैना (80 किग्रा) शामिल हैं। पुरुष वर्ग में हितेश (70 किग्रा), नीरज (75 किग्रा) और ईशान कटारिया (90+ किग्रा) ने कांस्य पदक जीता।
इनपुट: IANS


