सिर्फ 3 मैच खेलकर ICC रैंकिंग में छाईं वैष्णवी शर्मा, 53 पायदान की ज़बरदस्त छलांग
अपने करियर के तीसरे ही वनडे मैच में पांच विकेट चटकाने वाली भारत की युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने ICC महिला वनडे रैंकिंग में ज़बरदस्त छलांग लगाई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ज़िम्बाब्वे के खिलाफ…
अपने करियर के तीसरे ही वनडे मैच में पांच विकेट चटकाने वाली भारत की युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने ICC महिला वनडे रैंकिंग में ज़बरदस्त छलांग लगाई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ज़िम्बाब्वे के खिलाफ हालिया सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन के दम पर वैष्णवी ने गेंदबाज़ी रैंकिंग में एक साथ 53 स्थानों की लंबी छलांग लगाकर 94वां स्थान हासिल कर लिया है।
20 वर्षीय वैष्णवी ने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के आखिरी मुकाबले में यह यादगार प्रदर्शन किया। उन्होंने 39 रन देकर 5 विकेट झटके, जो उनके करियर का पहला '5-विकेट हॉल' था। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया। भारत ने यह सीरीज़ 3-0 से अपने नाम की थी।
अन्य भारतीय खिलाड़ियों का भी दमदार प्रदर्शन
गेंदबाज़ी रैंकिंग में वैष्णवी के अलावा अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने भी अपनी स्थिति सुधारी है। सयाली सतघरे 18 पायदान ऊपर चढ़कर 85वें स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने सीरीज़ के तीसरे वनडे में 6 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 2 विकेट लिए थे। वहीं, बाएं हाथ की स्पिनर क्रांति गौड़ एक स्थान के फायदे के साथ 24वें नंबर पर आ गई हैं। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग शीर्ष पर काबिज़ हैं, जबकि टॉप-10 में शामिल दीप्ति शर्मा (8वीं रैंक) सर्वोच्च भारतीय गेंदबाज़ बनी हुई हैं।
बल्लेबाज़ी में प्रतिका और शेफाली चमकीं
बल्लेबाज़ी रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों को फायदा हुआ है। ज़िम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज़ में लगातार तीसरा अर्धशतक जड़ने वाली ओपनर प्रतिका रावल तीन स्थान ऊपर चढ़कर 18वें पायदान पर पहुंच गई हैं। वहीं, 51 रनों की तेज़ पारी खेलने वाली शेफाली वर्मा ने आठ स्थानों की छलांग लगाई है और अब वह 65वें नंबर पर हैं।
रैंकिंग में ज़िम्बाब्वे की खिलाड़ी: ज़िम्बाब्वे की तरफ से गेंदबाज़ नोमवेलो सिबांडा दो स्थान ऊपर 60वें नंबर पर आ गई हैं। बल्लेबाज़ी में मोडेस्टर मुपाचिकवा 36वें और कप्तान जोसेफीन एनकोमो 49वें स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट बल्लेबाज़ी रैंकिंग में शीर्ष पर हैं, जबकि भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं।
इनपुट: IANS


