एशियन गेम्स 2026: भारतीय पुरुष स्कीट टीम ने जीता कांस्य, निशानेबाज़ी में पदकों की बौछार जारी
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी क्रम में अब भारतीय पुरुष स्कीट टीम ने भी देश के लिए पदक जीत लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, भवतेघ सिंह…
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी क्रम में अब भारतीय पुरुष स्कीट टीम ने भी देश के लिए पदक जीत लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, भवतेघ सिंह गिल, अनंतजीत सिंह नारुका और मैराज अहमद खान की तिकड़ी ने बेहतरीन समन्वय दिखाते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
टीम ने फाइनल मुकाबले में कुल 346 का स्कोर करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में कतर की टीम 353 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही, जबकि कुवैत ने 348 के स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम किया। पुरुषों के व्यक्तिगत वर्ग में भी भारत की उम्मीदें बरकरार हैं, क्योंकि अनंतजीत सिंह नारुका ने व्यक्तिगत फाइनल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
स्कीट में महिला टीम ने भी जीता था पदक
पुरुष टीम से पहले भारत की महिला स्कीट टीम ने भी इसी स्पर्धा में देश को कांस्य पदक दिलाया था। परिनाज धालीवाल, रजिया ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान की टीम ने कुल 331 का स्कोर करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया था।
कुछ स्पर्धाओं में हाथ लगी निराशा
हालांकि, शूटिंग में भारत को कुछ निराशा भी मिली। 10 मीटर एयर पिस्टल के व्यक्तिगत इवेंट में पदक की प्रबल दावेदार मानी जा रहीं मनु भाकर फाइनल में 181.1 के स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहीं और पदक से चूक गईं। इसी स्पर्धा के टीम इवेंट में भी मनु, ईशा और सुरुचि की तिकड़ी मामूली अंतर से पदक जीतने से रह गई और उन्हें चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।
निशानेबाजों का अब तक का प्रदर्शन
इन निराशाओं के बावजूद, एशियन गेम्स 2026 में भारत को सबसे ज्यादा पदक निशानेबाजों ने ही दिलाए हैं। इससे पहले इलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर एयर राइफल में व्यक्तिगत और टीम, दोनों स्पर्धाओं में रजत पदक जीता था। वहीं, पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भी पार्थ माने, हिमांशु ढिल्लों और रुद्राक्ष पाटिल ने सिल्वर मेडल हासिल किया था, जबकि व्यक्तिगत स्पर्धा में हिमांशु को सिल्वर और रुद्राक्ष को ब्रॉन्ज मेडल मिला था।
इनपुट: IANS


