एशियन गेम्स 2026 बैडमिंटन: पीवी सिंधु प्री-क्वार्टरफाइनल में, लक्ष्य सेन बाहर
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने 2026 एशियन गेम्स के महिला सिंगल्स मुकाबले में शानदार जीत के साथ राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह पक्की कर ली है। शनिवार को इचिनोमिया सिटी म्युनिसिपल जिम्नेजियम…
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने 2026 एशियन गेम्स के महिला सिंगल्स मुकाबले में शानदार जीत के साथ राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह पक्की कर ली है। शनिवार को इचिनोमिया सिटी म्युनिसिपल जिम्नेजियम में हुए इस मैच में उन्होंने चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियन को सीधे गेमों में 21-19, 21-14 से हराया।
एशियाई खेलों में दो पदक जीत चुकीं सिंधु के लिए यह मुकाबला आसान नहीं था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पहले गेम में वह ब्रेक के समय 10-11 से पीछे चल रही थीं। हालांकि, उन्होंने दमदार वापसी करते हुए दो गेम पॉइंट गंवाने के बाद अंततः तीसरा गेम पॉइंट भुनाया और 21-19 से गेम अपने नाम किया।
दूसरे गेम में दिखा सिंधु का दबदबा
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु दूसरे गेम में पूरी तरह लय में दिखीं। उन्होंने शुरुआत से ही बढ़त बना ली और ब्रेक तक 11-7 से आगे हो गईं। इसके बाद उन्होंने अपनी लय बरकरार रखते हुए दूसरा गेम 21-14 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। अब प्री-क्वार्टरफाइनल में उनका सामना जापान की टोमोका मियाजाकी से होगा। यह मुकाबला भी शनिवार को ही खेला जाएगा। इससे पहले मौजूदा खेलों में महिला टीम इवेंट के क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम को जापान से हार का सामना करना पड़ा था, जिसमें सिंधु भी टीम का हिस्सा थीं।
अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन
अन्य भारतीय शटलरों के लिए दिन मिला-जुला रहा। उन्नति हुड्डा ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को तीन गेम तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 21-14, 20-22, 21-9 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं, पुरुष सिंगल्स में आयुष शेट्टी ने कजाकिस्तान के मखसुत ताजीबुल्लायेव पर 21-7, 21-7 से एकतरफा जीत दर्ज की।
हालांकि, भारत के लिए एक निराशाजनक खबर भी आई, जब लक्ष्य सेन पुरुष सिंगल्स के दूसरे दौर में सिंगापुर के लोह कीन यू से 12-21, 21-15, 14-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
इनपुट: IANS


