एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला निशानेबाजों ने खोला खाता, 10 मीटर एयर राइफल टीम ने जीता रजत पदक
जापान के आइची में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अपना पहला पदक जीत लिया है। रविवार को भारतीय महिला निशानेबाजी टीम ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया…
जापान के आइची में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अपना पहला पदक जीत लिया है। रविवार को भारतीय महिला निशानेबाजी टीम ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदरसा कोचलुमकल की तिकड़ी ने मिलकर यह कामयाबी हासिल की।
भारतीय टीम ने 16 टीमों के इस कड़े मुकाबले में कुल 1897 पॉइंट्स का स्कोर बनाया। स्वर्ण पदक पर चीन ने कब्जा किया, जिसने 1904.2 अंकों के साथ एक नया विश्व रिकॉर्ड भी कायम कर दिया। वहीं, मेजबान जापान 1897.1 पॉइंट्स के साथ मामूली अंतर से तीसरे स्थान पर रहा और उसे कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
व्यक्तिगत स्पर्धा में भी भारतीय उम्मीदें कायम
टीम इवेंट में मिली सफलता के साथ-साथ दो भारतीय निशानेबाजों ने व्यक्तिगत फाइनल में भी अपनी जगह पक्की कर ली है। सोनम मस्कर ने क्वालिफिकेशन राउंड में 634.1 अंकों के साथ 57 एथलीटों के बीच तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, दो बार की ISSF वर्ल्ड कप स्वर्ण पदक विजेता एलावेनिल वलारिवन 633.5 के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहीं। तीसरी भारतीय शूटर, विदरसा कोचलुमकल, 630.4 अंकों के साथ 12वें स्थान पर रहीं और फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं।
भारतीय टीम का प्रदर्शन
आइची प्रीफेक्चरल जनरल शूटिंग गैलरी में भारतीय तिकड़ी ने शुरुआत से ही अच्छी लय बनाए रखी। छह सीरीज़ के इस मुकाबले में टीम ने क्रमशः 316.9, 316.8, 317.9, 316.2, 314.8 और 315.4 का स्कोर बनाया। गौरतलब है कि भारतीय निशानेबाजों ने 2023 के एशियन गेम्स में 7 स्वर्ण सहित रिकॉर्ड 22 पदक जीते थे और इस बार भी उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
इनपुट: IANS


