एशियन गेम्स: प्राची चौधरी ने 400 मीटर दौड़ में जीता कांस्य, भारत की पदक संख्या 30 पर पहुंची
जापान के आइची-नागोया में चल रहे 'एशियन गेम्स 2026' में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शनिवार को भारत की प्राची चौधरी ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया…
जापान के आइची-नागोया में चल रहे 'एशियन गेम्स 2026' में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शनिवार को भारत की प्राची चौधरी ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस पदक के साथ ही खेलों में भारत के कुल पदकों की संख्या 30 हो गई है, जिसमें 4 स्वर्ण, 12 रजत और 14 कांस्य पदक शामिल हैं।
प्राची ने 53.21 सेकंड का समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। इसी दौड़ में भारत की एक अन्य धावक किरण 53.41 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। बहरीन की साल्वा ईद नासेर ने 49.20 सेकंड के रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा किया, जबकि ईरान की जहरा जारी मनोजान ने 52.38 सेकंड में दौड़ पूरी कर रजत पदक जीता।
ट्रैक पर अन्य भारतीय उम्मीदें
पुरुषों की 200 मीटर दौड़: भारत के युवा स्प्रिंटर अनिमेष कुजूर ने भी पदक की उम्मीद जगाई है। 100 मीटर के फाइनल में जगह बनाने से चूकने के बाद, उन्होंने 200 मीटर के सेमीफाइनल में शानदार वापसी की। अनिमेष ने 20.81 सेकंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस हीट में थाईलैंड के पुरीपोल बूनसन ने 20.10 सेकंड के साथ नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया।
पुरुषों की 1500 मीटर दौड़: मध्य दूरी की दौड़ में भी भारत ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। गुलवीर सिंह और यूनुस शाह, दोनों ने अपनी-अपनी हीट में दमदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। गुलवीर ने अपनी हीट में 3:45.79 के समय के साथ तीसरा स्थान पाया, वहीं यूनुस ने भी 3:45.77 का समय लेकर अपनी हीट में तीसरा स्थान हासिल किया। दोनों एथलीट सोमवार को होने वाले फाइनल में पदक के लिए दौड़ेंगे।
कबड्डी और शूटिंग में स्वर्ण पदक
इस संस्करण में भारत को कबड्डी में दोहरी सफलता मिली है। शनिवार को भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके कुछ ही घंटे बाद पुरुष टीम ने भी ईरान को ही 40-34 से मात देकर स्वर्ण पर कब्जा जमाया। इससे पहले, कमलजीत और सुरुचि सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में सोने का तमगा हासिल किया था, जबकि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी स्वर्ण पदक जीता था।
इनपुट: IANS


