एशियन गेम्स 2026: रविवार को पदक पर होंगी कई भारतीय निगाहें, क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में बांग्लादेश से भिड़ेगी
एशियन गेम्स 2026 में रविवार, 20 सितंबर का दिन भारत के लिए बेहद अहम रहने वाला है, क्योंकि कई भारतीय एथलीट पदक के लिए मैदान में उतरेंगे। भारतीय महिला क्रिकेट टीम जहां अपने स्वर्ण पदक को बरकरार रखने के…
एशियन गेम्स 2026 में रविवार, 20 सितंबर का दिन भारत के लिए बेहद अहम रहने वाला है, क्योंकि कई भारतीय एथलीट पदक के लिए मैदान में उतरेंगे। भारतीय महिला क्रिकेट टीम जहां अपने स्वर्ण पदक को बरकरार रखने के अभियान में बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी, वहीं टेकबॉल और शूटिंग में भी भारत की पदक की उम्मीदें जुड़ी हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, भारतीय दल गुरुवार से ही खेलों में हिस्सा ले रहा है और पदक की दौड़ में शामिल हो चुका है।
सबसे पहले सबकी नज़रें टेकबॉल पर होंगी, जहां भारत के पास एक नहीं बल्कि दो कांस्य पदक जीतने का मौका है। क्विंसी जोआकिम डिसूजा और मोहम्मद अनस इमरान बेग की जोड़ी मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक के लिए वियतनाम की जोड़ी से भिड़ेगी, जिनसे वे क्वार्टर फाइनल में हार गए थे। इसके अलावा, क्विंसी के पास व्यक्तिगत कांस्य पदक जीतने का भी मौका होगा, जब वह जापान की युइना साकामोटो का सामना करेंगी।
क्रिकेट और हॉकी में अहम मुकाबले
रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में बांग्लादेश से भिड़ेगी, जो पदक पक्का करने के लिहाज़ से एक महत्वपूर्ण मैच है। टीम 2023 में जीते गए अपने गोल्ड मेडल को डिफेंड करने की कोशिश करेगी। इसके साथ ही, भारत का हॉकी अभियान भी शुरू हो रहा है। पुरुष टीम पूल ए में इंडोनेशिया के खिलाफ अपने सफर की शुरुआत करेगी, जबकि महिला टीम पूल बी में उज्बेकिस्तान से अपना पहला मैच खेलेगी।
निशानेबाजी और वुशु पर भी रहेंगी निगाहें
शूटिंग एरिना में भी भारतीय प्रशंसकों की उम्मीदें ऊंची रहेंगी, जहां महिला खिलाड़ी 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में चुनौती पेश करेंगी। इलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और विदर्शा के विनोद की तिकड़ी से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं, वुशु में पुरुषों के चांगक्वान फाइनल में पदक दांव पर होगा, जबकि अन्य भारतीय एथलीट भी अगले दौर में जगह बनाने के लिए उतरेंगे।
रविवार, 20 सितंबर का पूरा भारतीय शेड्यूल
वुशु: सुबह 05:30 बजे से (पुरुषों का चांगक्वान फाइनल और अन्य मुकाबले)
शूटिंग: सुबह 06:15 बजे से (10 मीटर एयर राइफल महिला व्यक्तिगत और टीम)
टेकबॉल: सुबह 06:30 बजे से (महिला सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स के कांस्य पदक मैच)
टेबल टेनिस: सुबह 06:30 बजे से (महिला और पुरुष टीम के ग्रुप मैच)
फील्ड हॉकी: सुबह 07:30 बजे (महिला बनाम उज्बेकिस्तान), सुबह 11:30 बजे (पुरुष बनाम इंडोनेशिया)
क्रिकेट: सुबह 10:30 बजे (महिला सेमीफाइनल: भारत बनाम बांग्लादेश)
बैडमिंटन: सुबह 11:30 बजे (महिला टीम पहला राउंड: भारत बनाम कजाकिस्तान)
इनपुट: IANS


