एशियन गेम्स क्रिकेट: श्रीलंका ने बांग्लादेश को हराकर कांस्य पदक जीता, रत्नायके बने जीत के नायक
एशियन गेम्स में श्रीलंका की पुरुष क्रिकेट टीम ने कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। शनिवार को हुए मुकाबले में श्रीलंका ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 63 रनों के बड़े अंतर से मात दी। समाचार…
एशियन गेम्स में श्रीलंका की पुरुष क्रिकेट टीम ने कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। शनिवार को हुए मुकाबले में श्रीलंका ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 63 रनों के बड़े अंतर से मात दी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मैच में श्रीलंका ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों ही क्षेत्रों में बांग्लादेश पर अपना दबदबा कायम रखा।
टीम की इस जीत के हीरो ऑलराउंडर थारिंडु रत्नायके रहे, जिन्होंने पहले बल्ले से तूफानी पारी खेली और फिर गेंद से भी अहम योगदान दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने सिर्फ 18 रन पर अपने 4 विकेट खो दिए थे और 54 के स्कोर तक आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।
रत्नायके की विस्फोटक पारी ने बदला मैच
जब लग रहा था कि बांग्लादेश मैच पर पूरी तरह हावी है, तब सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थारिंडु रत्नायके ने पासा पलट दिया। उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों पर 7 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 65 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने कप्तान सहान अराचिगे के साथ छठे विकेट के लिए मात्र 44 गेंदों में 93 रनों की निर्णायक साझेदारी की। कप्तान सहान ने 37 गेंदों पर 33 रन बनाए, जबकि आशेन बंडारा ने 18 रनों का योगदान दिया। इस शानदार वापसी की बदौलत श्रीलंका ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 165 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। बांग्लादेश के लिए महेदी हसन, सैफ हसन और मुस्तफिजुर रहमान ने 2-2 विकेट लिए।
बांग्लादेश की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ाई
166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम शुरू से ही दबाव में आ गई और कभी भी मैच में वापसी नहीं कर सकी। पूरी टीम 17.3 ओवर में महज 102 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बांग्लादेश के चार बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके। नौवें नंबर पर आए नसूम अहमद ने सर्वाधिक 26 रन बनाए, जबकि यासिर अली ने 21 और परवेज हुसैन इमोन ने 20 रन बनाए। श्रीलंका के लिए नुवान थुसारा, विजयकांत व्यासकांत, वानुजा सहन और मैच के हीरो थारिंडु रत्नायके ने 2-2 विकेट हासिल किए।
इनपुट: IANS


