एशियन U23 एथलेटिक्स: भारत की महिला रिले टीम का गोल्डन प्रदर्शन, देश ने कुल 16 मेडल जीते
चीन के ओरडोस में आयोजित एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक अपने नाम किए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, भारत की झोली में 3 स्वर्ण, 4 रज…
चीन के ओरडोस में आयोजित एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक अपने नाम किए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, भारत की झोली में 3 स्वर्ण, 4 रजत और 9 कांस्य पदक आए, जिसमें महिलाओं की 4x400 मीटर रिले टीम का स्वर्ण पदक प्रतियोगिता के आखिरी दिन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन रविवार को भारतीय महिला रिले टीमों ने ट्रैक पर अपनी धाक जमाई। श्रावणी सचिन सांगले, संद्रामोल साबू, प्रवलिका नरीमल्ला और नोफिसा खातून की चौकड़ी ने 4x400 मीटर रिले में 3:33.62 सेकंड का समय निकालकर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। उन्होंने चीन (3:35.14 सेकंड) और कजाकिस्तान (3:37.65 सेकंड) को पीछे छोड़ा।
रिले और जैवलिन में चमके भारतीय खिलाड़ी
एक अन्य शानदार प्रदर्शन में, संजना, अक्षया सरवनन, सुदीक्षा वी और श्रेया राजेश की 4x100 मीटर महिला रिले टीम ने 44.68 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण चीन (43.75 सेकंड) ने जीता। पुरुषों की 4x400 मीटर रिले टीम (आस्तिक प्रधान, शरण मेगवर्णम, सेतु मिश्रा और अमन चौधरी) ने भी 3:04.24 सेकंड के दमदार समय के साथ रजत पदक पर कब्जा किया।
फील्ड इवेंट में जैवलिन थ्रोअर आनंद सिंह ने भारत के लिए एक और स्वर्ण पदक सुनिश्चित किया। उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए आखिरी प्रयास में 80.57 मीटर का शानदार थ्रो किया। इसी स्पर्धा में शिवम लोहकरे ने 77.70 मीटर की दूरी के साथ कांस्य पदक जीता, जिससे भारत ने एक ही इवेंट में दो पदक हासिल किए।
अन्य स्पर्धाओं में भारतीय प्रदर्शन
हालांकि कुछ स्पर्धाओं में भारतीय एथलीट पदक से चूक गए। पुरुषों की 4x100 मीटर रिले टीम 39.38 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रही। पुरुषों की ऊंची कूद में सुदीप 2.10 मीटर के साथ पांचवें, जबकि महिलाओं की 1,500 मीटर दौड़ में भूमेश्वरी देवी हुइड्रोम 4:29.81 सेकंड के साथ सातवें स्थान पर रहीं। हाफ मैराथन रेस वॉक में, सचिन गढ़वाल पुरुषों में छठे (1:36:48) और आरती महिलाओं में चौथे (1:45:40) स्थान पर रहीं।
इनपुट: IANS


