ला लीगा में कोरियाई स्टार की वापसी, एटलेटिको मैड्रिड ने ली कांग-इन को टीम में शामिल किया
स्पेन के मशहूर फुटबॉल क्लब एटलेटिको मैड्रिड ने एक बड़े सौदे में दक्षिण कोरिया के अंतरराष्ट्रीय मिडफील्डर ली कांग-इन के साथ अनुबंध की पुष्टि कर दी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 25…
स्पेन के मशहूर फुटबॉल क्लब एटलेटिको मैड्रिड ने एक बड़े सौदे में दक्षिण कोरिया के अंतरराष्ट्रीय मिडफील्डर ली कांग-इन के साथ अनुबंध की पुष्टि कर दी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 25 वर्षीय ली फ्रांसीसी दिग्गज पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) को छोड़कर अब स्पेनिश लीग 'ला लीगा' में वापसी कर रहे हैं। यह इस सीजन में एटलेटिको की तीसरी बड़ी साइनिंग है।
ली कांग-इन ने जून 2031 तक के लिए एटलेटिको के साथ एक लंबा कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सौदे की कीमत लगभग 40 मिलियन यूरो (करीब 45.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर) है। क्लब ने ली कांग-इन की बहुमुखी प्रतिभा की सराहना करते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर कहा, "25 वर्षीय प्रतिभाशाली बाएं पैर के मिडफील्डर, अटैकिंग मिडफील्डर या किसी भी विंग पर खेल सकते हैं, उन्हें अपने नजरिए, बेहतरीन बॉल कंट्रोल, पासिंग और शूटिंग क्षमता के लिए पहचाना जाता है।"
स्पेन से पुराना नाता
19 फरवरी 2001 को इंचियोन में जन्मे कांग-इन का स्पेन से गहरा रिश्ता रहा है। वह महज 10 साल की उम्र में वालेंसिया सीएफ की यूथ एकेडमी से जुड़ गए थे। उन्होंने 30 अक्टूबर 2018 को वालेंसिया की सीनियर टीम के लिए अपना डेब्यू किया और उस सीजन में टीम के साथ कोपा डेल रे का खिताब भी जीता। वालेंसिया के लिए 62 मैच खेलने के बाद, वह अगस्त 2021 में मलोरका चले गए, जहां उन्होंने दो सीजन में 73 मैच खेले।
पीएसजी और अंतरराष्ट्रीय करियर
मलोरका में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने 2023 में पीएसजी के लिए साइन किया। पेरिस की टीम के साथ उन्होंने 124 मैचों में 16 गोल और 16 असिस्ट किए, साथ ही तीन लीग 1 खिताब, दो चैंपियंस लीग और एक यूईएफए सुपर कप समेत कई ट्रॉफियां जीतीं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ली कांग-इन का प्रदर्शन शानदार रहा है। वह 2019 में अपनी टीम को फीफा अंडर-20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक ले गए और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (गोल्डन बॉल विनर) चुने गए। उन्होंने 2022 के एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक भी जीता था। अपने देश के लिए वह अब तक 50 मैच खेल चुके हैं।
इनपुट: IANS


