ऑकलैंड का ईडन पार्क: टीम इंडिया के लिए भाग्यशाली मैदान, क्या कायम रहेगा 100% जीत का रिकॉर्ड?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 श्रृंखला का चौथा मुकाबला शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होना है। यह वही मैदान है जहां भारतीय टीम टी20 प्रारूप में अब तक अजेय रही है। इस मैदान पर…
भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 श्रृंखला का चौथा मुकाबला शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होना है। यह वही मैदान है जहां भारतीय टीम टी20 प्रारूप में अब तक अजेय रही है। इस मैदान पर भारत का शत-प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के लिए एक बड़ी चुनौती पेश करेगा, भले ही सीरीज का नतीजा पहले ही भारत के पक्ष में तय हो चुका हो।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ईडन पार्क पर टीम इंडिया ने अब तक कुल तीन T20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं और हर बार जीत हासिल की है। इस मैदान पर भारत का सफर 2019 में शुरू हुआ था, जब टीम ने मेजबान न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था। इसके बाद 2020 के दौरे पर भी भारत ने यहां दो मैच खेले और दोनों में क्रमशः 6 विकेट और 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी।
श्रृंखला में भारत की अजेय बढ़त
मौजूदा सीरीज में भारतीय टीम पहले ही 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। तीसरे टी20 मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से मात दी थी। उस मैच में अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक ने भारत की जीत की नींव रखी थी। अभिषेक ने सिर्फ 38 गेंदों पर 113 रन बनाए, जिसकी बदौलत भारत ने 199 रनों का विशाल लक्ष्य महज 13.2 ओवरों में ही हासिल कर लिया। वैभव सूर्यवंशी ने भी 19 गेंदों में 45 रनों का अहम योगदान दिया था। न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने 52 गेंदों पर 89 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
इससे पहले, भारत ने दूसरे टी20 में 4 विकेट से और पहले टी20 में रिकॉर्ड 226 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की थी।
हाउसफुल स्टेडियम में होगा मुकाबला
न्यूजीलैंड क्रिकेट के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, ऑकलैंड में होने वाले इस चौथे टी20 मैच को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। मैच के सभी 40,000 टिकट बिक चुके हैं और स्टेडियम खचाखच भरा रहने की उम्मीद है।
इनपुट: IANS


