न्यूजीलैंड में भारत के दौरे का क्रेज: 48 घंटे में बिके 26,000 से ज्यादा टिकट, बिक्री ने तोड़े रिकॉर्ड
अक्टूबर में भारतीय क्रिकेट टीम के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 'क्रिकेट नेशन मेंबर्स' के लिए प्री-सेल शुरू होने के…
अक्टूबर में भारतीय क्रिकेट टीम के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 'क्रिकेट नेशन मेंबर्स' के लिए प्री-सेल शुरू होने के शुरुआती 48 घंटों में ही 26,000 से ज्यादा टिकट बिक गए, जो एक नया रिकॉर्ड है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस रिकॉर्ड तोड़ मांग की सबसे बड़ी वजह भारत का मल्टी-फॉर्मेट सीरीज के लिए वहां का दौरा करना है, जिसमें कुल 12 मैच खेले जाएंगे।
ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले व्हाइट-बॉल मैच के लिए टिकटों की मांग सबसे ज्यादा रही। इसके अलावा क्राइस्टचर्च और वेलिंगटन में भी टिकट तेजी से बिक रहे हैं।
प्रमुख वेन्यू पर टिकटों की भारी मांग
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान की क्षमता 9,000 दर्शकों की है, लेकिन यहां होने वाले मैचों के लिए टिकटों की मांग चरम पर है। उम्मीद की जा रही है कि 22 और 24 अक्टूबर को होने वाले शुरुआती दो T20 मैच और 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक होने वाला दूसरा टेस्ट मैच पूरी तरह से हाउसफुल रहेगा। इसी तरह, वेलिंगटन में खेले जाने वाले तीसरे T20 और दूसरे वनडे के लिए भी टिकटों की बिक्री जोरदार चल रही है। सीरीज का पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाएगा।
"मौका न चूकें": न्यूजीलैंड क्रिकेट
न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ मार्केटिंग और कमर्शियल ऑफिसर ग्लेन क्रिचली ने इस शुरुआती प्रतिक्रिया को भारत के दौरे को लेकर फैंस के उत्साह का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा, "शुरू से ही हमारा संदेश था कि फैंस कुछ भी मिस न करने के लिए तैयार रहें। पहले दो दिनों की रिकॉर्ड बिक्री साबित करती है कि कई लोगों ने हमारी बात सुनी है।"
क्रिचली ने आगे कहा, "यह न्यूजीलैंड के लोगों के लिए दुनिया के कुछ सबसे बड़े क्रिकेट स्टार को खेलते देखने का एक दुर्लभ अवसर है। हमने जानबूझकर टिकटों की कीमतें पिछले सीजन के बराबर रखी हैं।" उन्होंने बताया कि क्रिकेट नेशन एक्सेस कोड का उपयोग करके एक टिकट 30 डॉलर से भी कम में मिल रहा है।
आम जनता के लिए बिक्री जल्द होगी शुरू
फिलहाल, टिकटों की बिक्री सिर्फ एक्सक्लूसिव प्री-सेल के तहत हो रही है, जिसमें फैंस को 15% की छूट भी मिल रही है। आम जनता के लिए टिकटों की बिक्री 7 सितंबर से शुरू होगी। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने फैंस से अपील की है कि वे अपनी सीटें पक्की करने में देर न करें। भारतीय टीम इस दौरे पर 5 T20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेलेगी, जो 22 अक्टूबर से शुरू होकर 27 नवंबर तक चलेगा।
इनपुट: IANS


