घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार, पर टीम इंडिया का इंतजार जारी: अभिमन्यु ईश्वरन ने कहा- 'सपना अब भी जिंदा है'
घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले बंगाल के अनुभवी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन 31 साल की उम्र में भी भारत के लिए खेलने की अपनी उम्मीद नहीं छोड़ी है। फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 8600 से…
घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले बंगाल के अनुभवी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन 31 साल की उम्र में भी भारत के लिए खेलने की अपनी उम्मीद नहीं छोड़ी है। फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 8600 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद उन्हें अब तक अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका नहीं मिला है, लेकिन उनका कहना है कि देश के लिए खेलने का सपना आज भी उतना ही मजबूत है।
समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में ईश्वरन ने अपने इस अटूट विश्वास और सफर पर बात की। रणजी ट्रॉफी के दूसरे दौर में सर्विसेज के खिलाफ 56 रन बनाने के बाद उन्होंने कहा, "जब मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया, तो सपना हमेशा देश के लिए खेलना था, और वह सपना अभी भी है।"
टेस्ट टीम में चयन और फिर निराशा
अभिमन्यु ईश्वरन को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल तो किया गया, लेकिन वे कभी अंतिम एकादश में जगह नहीं बना पाए। 2025 में इंग्लैंड दौरे पर गई भारतीय टीम का भी वह हिस्सा थे। टीम में चुने जाने और फिर बाहर होने की निराशा पर उन्होंने कहा, "जब आप टीम में होते हैं और फिर आपको ड्रॉप कर दिया जाता है, तो आपके दिमाग में हमेशा कुछ बातें चलती रहती हैं, 'मैं फिर से क्यों नहीं?' ऐसा होता है, यह जिंदगी का हिस्सा है। समय के साथ, आप सीखते हैं।"
वर्तमान पर फोकस और बंगाल के लिए जुनून
फिलहाल ईश्वरन का पूरा ध्यान अपनी टीम बंगाल के प्रदर्शन पर है। उन्होंने कहा, "आपका काम हमेशा यह होता है कि आप जिस भी टीम के लिए खेल रहे हों, उसके लिए अच्छा करें। मुझे बंगाल के लिए खेलना पसंद है। इस टीम का प्रतिनिधित्व करना बहुत अच्छा एहसास है। इस सीजन में रणजी ट्रॉफी जीतना ही हमारा लक्ष्य है।"
2013 में बंगाल के लिए डेब्यू करने वाले अभिमन्यु ईश्वरन का फर्स्ट-क्लास करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 117 मैचों की 200 पारियों में 27 शतक और 38 अर्धशतक की मदद से 8,632 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 233 है।
इनपुट: IANS


