पैरालंपिक में पहला टेबल टेनिस मेडल: भाविना पटेल की प्रेरणादायक यात्रा
टोक्यो पैरालंपिक 2020 में भारत को टेबल टेनिस में पहला पदक दिलाकर इतिहास रचने वाली भाविना पटेल का सफर प्रेरणा और दृढ़ संकल्प की मिसाल है। सिर्फ 12 साल की उम्र में पोलियो का शिकार होने के बावजूद…
टोक्यो पैरालंपिक 2020 में भारत को टेबल टेनिस में पहला पदक दिलाकर इतिहास रचने वाली भाविना पटेल का सफर प्रेरणा और दृढ़ संकल्प की मिसाल है। सिर्फ 12 साल की उम्र में पोलियो का शिकार होने के बावजूद, उन्होंने अपनी शारीरिक अक्षमता को कभी अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात के मेहसाणा में 6 नवंबर 1986 को जन्मी भाविना आज देश की शीर्ष पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं।
उनकी टेबल टेनिस यात्रा 2007 में संयोग से शुरू हुई, जब वह ब्लाइंड पीपल्स एसोसिएशन में कंप्यूटर कोर्स कर रही थीं। वहीं कुछ बच्चों को खेलते देख उनके मन में इस खेल के प्रति रुचि जगी। इसके बाद उन्होंने ललन दोशी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेना शुरू किया और व्हीलचेयर पर बैठकर खेलने की चुनौती को अपनी हिम्मत और मेहनत से पार किया।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर धमाकेदार प्रदर्शन
भाविना ने पहली बार 2009 में जॉर्डन में एक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उनकी पहली बड़ी सफलता 2011 में आई, जब उन्होंने थाईलैंड ओपन में चीनी खिलाड़ी को हराकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके बाद 2013 में बीजिंग में हुई एशियन पैरा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में उन्होंने भारत के लिए पहला सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
टोक्यो से लेकर कॉमनवेल्थ तक
भाविना पटेल को सही मायनों में अंतरराष्ट्रीय पहचान टोक्यो पैरालंपिक 2020 में मिली। उन्होंने क्लास 4 कैटेगरी के फाइनल तक का शानदार सफर तय किया। हालांकि, फाइनल में चीनी खिलाड़ी झोउ यिंग से 2-3 से हारने के बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा, लेकिन यह पदक ऐतिहासिक था। यह पैरालंपिक खेलों में पैरा टेबल टेनिस में भारत का पहला पदक था। 39 वर्षीय भाविना ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता। उनके नाम 2018 पैरा एशियन गेम्स में सिल्वर और 2022 हांगझोऊ एशियन गेम्स में कांस्य पदक भी दर्ज है। उन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2026 में भी कांस्य पदक जीता था। खेल में उनके योगदान के लिए उन्हें 2021 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इनपुट: IANS


