बिली स्टैनलेक को मिल सकता है ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में मौका? चयन प्रमुख जॉर्ज बेली ने दिए संकेत
ऑस्ट्रेलिया के 31 वर्षीय तेज गेंदबाज बिली स्टैनलेक की सीमित ओवरों की टीम में वापसी हुई है, लेकिन अब उनके लिए टेस्ट क्रिकेट के दरवाजे भी खुल सकते हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज…
ऑस्ट्रेलिया के 31 वर्षीय तेज गेंदबाज बिली स्टैनलेक की सीमित ओवरों की टीम में वापसी हुई है, लेकिन अब उनके लिए टेस्ट क्रिकेट के दरवाजे भी खुल सकते हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने स्टैनलेक की क्षमताओं पर भरोसा जताते हुए उन्हें भविष्य के टेस्ट खिलाड़ी के रूप में देखने के संकेत दिए हैं।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, जॉर्ज बेली का मानना है कि स्टैनलेक के पास टेस्ट फॉर्मेट में सफल होने के लिए जरूरी कौशल है। बेली ने कहा, "हम निश्चित रूप से स्टैनलेक को लेकर गंभीर हैं। हम जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं। उन्होंने पिछले कुछ समय में लाल गेंद से बहुत कम खेला है। लेकिन, उनकी स्किल को देखते हुए मुझे लगता है कि वह टेस्ट फॉर्मेट में जगह बना सकते हैं।"
टेस्ट टीम के लिए क्यों हो रहा विचार?
ऑस्ट्रेलिया अपने प्रमुख तेज गेंदबाजों मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और कप्तान पैट कमिंस के कार्यभार को संतुलित करना चाहता है। बढ़ती उम्र को देखते हुए बोर्ड एक मजबूत तेज गेंदबाजों का पूल तैयार कर रहा है, जिसमें स्टैनलेक एक अहम कड़ी हो सकते हैं। बेली ने कहा, "यह कुछ ऐसा है जिसे हम जल्द ही एक्सप्लोर करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने पाकिस्तान के दौरे पर सच में बहुत प्रभावित किया था। अगले साल की शुरुआत में भारत में अतिरिक्त तेज गेंदबाज की जरूरत पड़ सकती है।"
आंकड़ों में स्टैनलेक का प्रदर्शन
क्वींसलैंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज का करियर चोटों से प्रभावित रहा है। उन्होंने जनवरी 2017 में ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू किया था। अब तक खेले गए 8 वनडे मैचों में उन्होंने 7 विकेट और 19 टी20 मुकाबलों में 27 विकेट हासिल किए हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट की बात करें तो उन्होंने 13 मैचों में 26.92 की औसत से 40 विकेट चटकाए हैं। स्टैनलेक को हाल ही में जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है, जहां उनके प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं की पैनी नजर होगी।
इनपुट: IANS


