शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
फुटबॉल

बोकारो: फुटबॉल मैच में टक्कर के बाद 37 वर्षीय खिलाड़ी की मौत, टूर्नामेंट रद्द

झारखंड के बोकारो में एक फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान मैदान पर ही एक दुखद हादसा हो गया। खेल के दौरान दूसरे खिलाड़ी से टकराने के बाद 37 वर्षीय फुटबॉलर कजरा मुर्मु की मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली…

बोकारो: फुटबॉल मैच में टक्कर के बाद 37 वर्षीय खिलाड़ी की मौत, टूर्नामेंट रद्द
(फोटो: IANS)

झारखंड के बोकारो में एक फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान मैदान पर ही एक दुखद हादसा हो गया। खेल के दौरान दूसरे खिलाड़ी से टकराने के बाद 37 वर्षीय फुटबॉलर कजरा मुर्मु की मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग करते हुए अस्पताल में हंगामा किया।

यह हादसा बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के नई बस्ती मैदान में हुआ, जहां बजरंग क्लब द्वारा तीन दिवसीय डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा था। गोमिया के खंभरा बस्ती के रहने वाले कजरा मुर्मु मैच के दौरान एक खिलाड़ी से टकरा गए और मैदान पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

अस्पताल में तोड़ा दम

मैदान पर बेहोश होने के बाद कजरा को तुरंत डीवीसी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर फैलते ही मृतक के परिजन, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी अस्पताल पहुंच गए।

आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन करते हुए कजरा के परिवार के लिए उचित आर्थिक सहायता और घटना की जांच की मांग की। बताया गया है कि मृतक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

टूर्नामेंट रद्द, पुलिस ने शुरू की जांच

इस दुखद घटना के बाद आयोजन समिति ने टूर्नामेंट को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का फैसला लिया, जिससे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी मायूसी छा गई। कई लोगों ने कजरा मुर्मु के निधन पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। वहीं, स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं पर गौर कर रही है।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →