चाइना मास्टर्स बैडमिंटन: पूर्व वर्ल्ड चैंपियन शी युकी पहले ही दौर में बाहर, सिंगापुर के लोह कीन ने दी मात
चीन के शेनझेन में चल रहे बीडब्ल्यूएफ चाइना मास्टर्स 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। घरेलू स्टार और पूर्व वर्ल्ड चैंपियन शी युकी को पहले ही दौर में करारी हार का सामना…
चीन के शेनझेन में चल रहे बीडब्ल्यूएफ चाइना मास्टर्स 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। घरेलू स्टार और पूर्व वर्ल्ड चैंपियन शी युकी को पहले ही दौर में करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें सिंगापुर के लोह कीन यू ने एकतरफा मुकाबले में सीधे गेमों में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह वर्ल्ड चैंपियनशिप के बाद लगातार दूसरा टूर्नामेंट है, जब छठी वरीयता प्राप्त युकी को शुरुआती दौर में ही हार झेलनी पड़ी है।
मंगलवार को हुए इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर सबकी निगाहें थीं, क्योंकि कोर्ट पर दो पूर्व विश्व विजेता आमने-सामने थे — 2025 के चैंपियन शी युकी और 2021 के विजेता लोह कीन यू। हालांकि, यह मुकाबला उम्मीद के मुताबिक रोमांचक नहीं रहा। लोह ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और महज 30 मिनट में 21-11, 21-10 से मैच अपने नाम कर लिया।
कई दिग्गज हुए उलटफेर का शिकार
टूर्नामेंट के पहले दिन कई और बड़े खिलाड़ी भी उलटफेर का शिकार हुए। पुरुष डबल्स में शीर्ष वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरिया की किम वॉन-हो और सियो सेउंग-जे की जोड़ी को भी बाहर का रास्ता देखना पड़ा। उन्हें इंडोनेशिया के लियो रोली करनांडो और डैनियल मार्थिन ने कड़े मुकाबले में 21-19, 21-19 से शिकस्त दी।
वहीं, पुरुष सिंगल्स के एक अन्य मैच में चीन के हू झेआन को डेनमार्क के पांचवीं वरीयता प्राप्त एंडर्स एंटोनसेन के हाथों हार का सामना करना पड़ा। एंटोनसेन ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए 19-21, 21-11, 21-16 से जीत दर्ज की।
महिला वर्ग और मिक्स्ड डबल्स के नतीजे
महिला सिंगल्स में चीन की हान कियानक्सी ने चीनी ताइपे की पाई यू-पो को आसानी से 21-10, 21-9 से मात दी। अब अगले दौर में उनका सामना दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी दक्षिण कोरिया की एन से-यंग से होगा, जिन्होंने अपने पहले मैच में लिन शियांग-टी को 21-11, 21-3 से हराया। हालांकि, थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग को चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियान के हाथों 21-14, 21-15 से हार मिली।
मिक्स्ड डबल्स में चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी फेंग यानझे और हुआंग डोंगपिंग ने एक बेहद रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल की। उन्होंने जापान के युता वातानाबे और माया तागुची के खिलाफ निर्णायक गेम में छह मैच प्वाइंट गंवाने के बाद भी संयम नहीं खोया और अंततः 27-25 से गेम जीतकर अंतिम 16 में जगह पक्की की।
इनपुट: IANS


