कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारतीय मुक्केबाज़ अंकुश और सचिन पदक से बस एक जीत दूर
ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। अंकुश और सचिन, दोनों ही अपने-अपने भार वर्ग के क्वार्टरफाइनल में पहुँच गए हैं और अब पदक पक्का करने से महज़ एक…
ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। अंकुश और सचिन, दोनों ही अपने-अपने भार वर्ग के क्वार्टरफाइनल में पहुँच गए हैं और अब पदक पक्का करने से महज़ एक कदम दूर हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों मुक्केबाजों ने अपने दमदार प्रदर्शन से भारत की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
80 किग्रा वर्ग में अंकुश ने एकतरफा मुकाबले में एंटीगुआ और बारबुडा के जलान को 5-0 से करारी शिकस्त दी। 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में रजत पदक जीत चुके अंकुश ने शुरू से ही मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। उन्होंने तीनों राउंड अपने नाम किए और सभी पाँच जजों से परफेक्ट 10 का स्कोर हासिल कर अंतिम-आठ में अपनी जगह बनाई।
सचिन का भी दमदार पंच
वहीं, पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में सचिन ने भी क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने इंग्लैंड के विलियम हेविट को 4-1 के फैसले से हराया। सचिन ने रिंग में बेहतरीन रणनीति और तेज़तर्रार कॉम्बिनेशन का प्रदर्शन करते हुए तीन राउंड के मुकाबले में जीत दर्ज की।
मैच का स्कोरकार्ड: कज़ाकिस्तान, कनाडा, मैक्सिको और मोरक्को के जजों ने भारतीय मुक्केबाज़ के पक्ष में 29-27 का स्कोर दिया, जबकि तुर्की के जज ने हेविट के लिए 29-27 का स्कोर दिया। मैच के दौरान सचिन का एक पॉइंट ज़रूर कटा, लेकिन साफ पंच और आक्रामक खेल के दम पर उन्होंने जीत हासिल कर ली। अब दोनों भारतीय मुक्केबाजों की नज़रें क्वार्टरफाइनल जीतकर देश के लिए पदक पक्का करने पर टिकी हैं।
इनपुट: IANS


