कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप: सिंगापुर और मलेशिया ने पुरुष वर्ग में दर्ज की जीत, श्रीलंका की महिला टीम टॉप-4 में
अहमदाबाद में चल रही कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के चौथे दिन कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पुरुष वर्ग में जहाँ सिंगापुर ने ऑस्ट्रेलिया पर एकतरफा जीत हासिल की, वहीं मलेशिया ने 'करो या मरो' के…
अहमदाबाद में चल रही कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के चौथे दिन कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पुरुष वर्ग में जहाँ सिंगापुर ने ऑस्ट्रेलिया पर एकतरफा जीत हासिल की, वहीं मलेशिया ने 'करो या मरो' के मुकाबले में तंजानिया को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली सफलता का स्वाद चखा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला वर्ग में युगांडा ने मलेशिया को हराया, जबकि श्रीलंका ने बांग्लादेश पर जीत के साथ टॉप-4 में अपनी जगह पक्की कर ली।
सोमवार को वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मैचों में सिंगापुर का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने आक्रामक खेल दिखाते हुए ऑस्ट्रेलिया को 59-32 के बड़े अंतर से मात दी। यह इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की लगातार तीसरी हार थी, और वे अब तक एक भी मैच नहीं जीत पाए हैं। सिंगापुर की इस दूसरी जीत में आदित सेंथिलकुमार (18 अंक) और श्रीराम राजा (15 अंक) ने अहम भूमिका निभाई।
मलेशिया की वापसी और श्रीलंका का दमदार प्रदर्शन
दिन का एक और महत्वपूर्ण मुकाबला मलेशिया और तंजानिया के बीच था, जिसे मलेशिया ने 43-26 से अपने नाम किया। लगातार तीन हार के बाद यह मलेशिया की पहली जीत थी। उनके स्टार खिलाड़ी आइजैक ऑल्टन एंड्रयू ने 18 रेड में 14 अंक जुटाकर टीम की जीत की नींव रखी। वहीं, एक अन्य पुरुष मैच में युगांडा ने भी इंग्लैंड को 47-22 से हराकर जीत की राह पर वापसी की।
महिला वर्ग के मुकाबलों में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला। युगांडा की महिला टीम ने मलेशिया को 35-23 से शिकस्त दी। युगांडा की ओर से नकायोंगो शिरात ने 18 अंकों के साथ आक्रमण की कमान संभाली। इसके बाद हुए मैच में श्रीलंका ने बांग्लादेश को 31-20 से हराकर अपनी चौथी मुकाबले में तीसरी जीत दर्ज की और नॉकआउट चरण में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
इनपुट: IANS


