CPL 2026: कप्तान मोईन अली के अर्धशतक और गेंदबाजों के दम पर एंटीगुआ ने बारबाडोस को हराया, पॉइंट्स टेबल में टॉप पर
कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बारबाडोस ट्राइडेंट्स को 30 रनों से मात दे दी है। इस जीत के साथ ही एंटीगुआ की टीम पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर…
कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बारबाडोस ट्राइडेंट्स को 30 रनों से मात दे दी है। इस जीत के साथ ही एंटीगुआ की टीम पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुँच गई है। सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कप्तान मोईन अली की नाबाद अर्धशतकीय पारी और फिर गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन ने टीम की जीत की नींव रखी।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, बारबाडोस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी एंटीगुआ ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 155 रन बनाए। कप्तान मोईन अली ने 37 गेंदों पर 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से नाबाद 56 रनों की पारी खेलकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया। उनके अलावा करिमा गोरे ने 27 और आमिर जंगू ने 26 रनों का योगदान दिया, जबकि शमार स्प्रिंगर 19 रन बनाकर नाबाद रहे।
लड़खड़ाई बारबाडोस की पारी
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बारबाडोस की टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही, जब जैकरी कार्टर और शियान ब्रैथवेट ने पहले विकेट के लिए 28 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और बढ़ते रन रेट के दबाव में बिखर गई। रिवाल्डो क्लार्क (27), केवलन एंडरसन (22), जैकरी कार्टर (17) और क्विंटन डिकॉक (16) के अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सका।
निचले क्रम के छह बल्लेबाजों का दहाई का आँकड़ा भी न छू पाना टीम की हार का एक बड़ा कारण बना। नतीजतन, पूरी टीम 18 ओवर में 125 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
गेंदबाजों का दमदार प्रदर्शन
एंटीगुआ की तरफ से जोसुआ जेम्स ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 3 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। उनके अलावा अल्जारी जोसेफ, शादाब खान और सुफियान मुकीम ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि रखीम पॉवेल को एक सफलता मिली। इस जीत के बाद एंटीगुआ के 7 मैचों में 8 अंक हो गए हैं, वहीं बारबाडोस 3 मैचों में 4 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।
इनपुट: IANS


