CPL 2026 फाइनल में एंटिगुआ फाल्कंस, शादाब-मुकिम की फिरकी में उलझी गुयाना वॉरियर्स
कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 के पहले क्वालीफायर में एंटिगुआ बारबुडा फाल्कंस ने एकतरफा मुकाबले में गुयाना अमेजन वॉरियर्स को 9 विकेट से रौंदकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। ब्रिजटाउन के…
कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 के पहले क्वालीफायर में एंटिगुआ बारबुडा फाल्कंस ने एकतरफा मुकाबले में गुयाना अमेजन वॉरियर्स को 9 विकेट से रौंदकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। ब्रिजटाउन के केंसिंग्टन ओवल में हुए इस मैच में एंटिगुआ के स्पिन गेंदबाजों ने ऐसा जाल बुना कि गुयाना की पूरी टीम महज 76 रनों पर ढेर हो गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस छोटे से लक्ष्य को फाल्कंस ने सिर्फ 5.2 ओवरों में ही हासिल कर लिया।
लीग स्टेज में अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली गुयाना अमेजन वॉरियर्स का यह लगातार दूसरा निराशाजनक प्रदर्शन था, खासकर उनकी बल्लेबाजी पूरी तरह विफल रही। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुयाना की टीम 15 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी। टीम के लिए सबसे ज्यादा 16-16 रन ग्लेन फिलिप्स और शाई होप ने बनाए, जबकि रोमारियो शेफर्ड ने 14 रनों का योगदान दिया।
शादाब और मुकिम की घातक गेंदबाजी
एंटिगुआ की जीत की नींव उनके स्पिन गेंदबाजों ने रखी। पाकिस्तानी लेग स्पिनर शादाब खान और सुफियान मुकिम ने गुयाना के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। दोनों ने मिलकर 8 विकेट झटके और गुयाना को महज 76 रनों पर समेट दिया। शादाब खान ने अपने 4 ओवरों में सिर्फ 16 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि सुफियान मुकिम ने 4 ओवर में 13 रन खर्च कर 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए शादाब खान को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। जोशुआ जेम्स और शामार स्प्रिंगर को भी एक-एक सफलता मिली।
कॉर्नवॉल की तूफानी पारी से आसान जीत
77 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी एंटिगुआ फाल्कंस ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज रखीम कॉर्नवॉल ने महज 16 गेंदों पर 6 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 49 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। उनके साथ एविन लुईस ने 13 गेंदों पर 23 रन बनाए, जबकि अमिर जंगू 4 रन बनाकर नाबाद रहे।
गुयाना के पास फाइनल का एक और मौका
इस करारी हार के बावजूद इमरान ताहिर की कप्तानी वाली गुयाना अमेजन वॉरियर्स के पास फाइनल में पहुंचने का एक और मौका है। अब उन्हें क्वालीफायर 2 में जमैका किंग्समेन का सामना करना होगा। इस मैच की विजेता टीम 21 सितंबर को होने वाले फाइनल में एंटिगुआ बारबुडा फाल्कंस से भिड़ेगी।
इनपुट: IANS


