बुधवार, 16 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अवॉर्ड्स: ट्रेविस हेड लगातार दूसरी बार 'एलन बॉर्डर मेडल' विजेता, स्टार्क-मार्श भी छाए

ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने एक बार फिर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सबसे प्रतिष्ठित सम्मान 'एलन बॉर्डर मेडल' पर अपना कब्जा जमाया है। यह लगातार दूसरा साल है जब हेड को इस खिताब से नवाजा गया…

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अवॉर्ड्स: ट्रेविस हेड लगातार दूसरी बार 'एलन बॉर्डर मेडल' विजेता, स्टार्क-मार्श भी छाए
(फोटो: IANS)

ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने एक बार फिर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सबसे प्रतिष्ठित सम्मान 'एलन बॉर्डर मेडल' पर अपना कब्जा जमाया है। यह लगातार दूसरा साल है जब हेड को इस खिताब से नवाजा गया है, जिससे वह रिकी पोंटिंग और माइकल क्लार्क जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, हेड ने इस रेस में विकेटकीपर एलेक्स कैरी को सिर्फ एक वोट के मामूली अंतर से पीछे छोड़ा।

हेड ने 2025-26 सीज़न के दौरान तीनों प्रारूपों में कुल 30 मैच खेले और 1,437 रन बनाए। इस प्रदर्शन में एशेज सीरीज के पहले मैच में खेली गई 83 गेंदों पर 123 रन की तूफानी पारी और एडिलेड टेस्ट में बनाए गए 170 रन भी शामिल हैं। उन्हें कुल 153 वोट मिले, जबकि 24 मैचों में 1,079 रन बनाने और एशेज में 28 शिकार करने वाले एलेक्स कैरी को 152 वोटों से संतोष करना पड़ा।

टेस्ट, वनडे और टी20 के सितारे

अन्य प्रमुख पुरस्कारों में, तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को 'शेन वॉर्न पुरुष टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर' चुना गया। एशेज जीत में प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे स्टार्क ने 11 टेस्ट मैचों में 24 की औसत से 57 विकेट हासिल किए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 58 रन देकर 7 विकेट लेना रहा। वहीं, ऑलराउंडर मिशेल मार्श को 'पुरुष वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर' का खिताब मिला। उन्होंने 6 मैचों में 304 रन बनाए। विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड को 'पुरुष टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर' का पुरस्कार दिया गया, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ महज 37 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाकर किसी ऑस्ट्रेलियाई द्वारा सबसे तेज टी20 शतक का रिकॉर्ड बनाया था।

अधिकारियों ने की प्रदर्शन की सराहना

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चीफ ऑफ क्रिकेट जेम्स ऑलसॉप ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा, "सभी विजेताओं को बधाई, इसमें लगातार दो बार एलन बॉर्डर पदक विजेता ट्रेविस हेड भी शामिल हैं। उनका सीजन शानदार रहा। हेड ने कुछ यादगार पारियां खेलीं, जो उन्हें देखने वाले लकी फैंस के लिए जिंदगी भर की यादें छोड़ गईं।" उन्होंने स्टार्क, मार्श और डेविड के प्रदर्शन को भी सराहा। ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन के ब्रेंडन ड्रू ने भी हेड की प्रशंसा करते हुए कहा, "वह ऑस्ट्रेलिया के लिए सभी फॉर्मेट में कितने शानदार खिलाड़ी बन गए हैं, लगातार दो बार अवॉर्ड जीतने के वह पूरी तरह से हकदार हैं।"

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →