क्रिस्टियानो रोनाल्डो का अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा, पुर्तगाल के लिए 23 साल का सफर समाप्त
पुर्तगाल के महान फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो संदेश के ज़रिए उन्होंने अपने 23 साल लंबे करियर पर विराम लगाने…
पुर्तगाल के महान फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो संदेश के ज़रिए उन्होंने अपने 23 साल लंबे करियर पर विराम लगाने का फैसला सुनाया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, रोनाल्डो ने 2003 में पुर्तगाल के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था और वे देश के लिए सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं।
अपने शानदार करियर में रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए 232 मैचों में रिकॉर्ड 146 गोल किए। उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन बेहतरीन रहा और 2016 में पुर्तगाल ने यूरो कप का खिताब भी अपने नाम किया था। इस फैसले को उन्होंने अपने लिए बेहद कठिन बताया।
भावुक विदाई और प्रशंसकों का धन्यवाद
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी वीडियो में रोनाल्डो ने कहा, "पुर्तगाल के लोगों, अब समय आ गया है कि नेशनल टीम की नंबर 7 जर्सी आप सभी को वापस सौंप दी जाए।" उन्होंने कहा कि 23 वर्षों तक इस जर्सी को पहनना उनके लिए सौभाग्य और जिम्मेदारी थी। रोनाल्डो ने माना कि इस सफर में यादगार जीतें रहीं तो कुछ हार भी मिलीं, जिन्हें याद करना आज भी मुश्किल है।
रोनाल्डो ने अपने संदेश में कहा, "मुझसे गलतियां भी हुईं, मुझे तकलीफें भी झेलनी पड़ीं... मगर मैंने कभी हार नहीं मानी। सबसे बड़ी बात, पुर्तगाल का प्रतिनिधित्व करने पर मुझे हमेशा गर्व महसूस होता रहा।"
परिवार और टीम को कहा शुक्रिया
अपने लंबे सफर के दौरान मिले समर्थन के लिए रोनाल्डो ने अपने साथियों, कोचों, सपोर्ट स्टाफ और परिवार का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, "अगर मैं यहां तक पहुंच पाया, तो इसलिए क्योंकि आप हमेशा मेरे साथ खड़े रहे।" उन्होंने अपने परिवार का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उनके साथ इस सपने को साझा किया।
रोनाल्डो ने यह भी साफ किया कि मैदान पर उनका सफर भले ही खत्म हो रहा है, लेकिन वह हमेशा पुर्तगाल के समर्थक बने रहेंगे। उन्होंने कहा, "आज मैं राष्ट्रीय टीम के साथ मैदान पर अपना सफर खत्म कर रहा हूं, मैं अपना सिर ऊंचा करके जा रहा हूं... मगर मैं हमेशा आपमें से ही एक बना रहूंगा।"
इनपुट: IANS


