एशियाई खेल 2026: हरियाणा की सुरुचि ने जीता सोना, घर पर जश्न शुरू, मां बोलीं- ढोल-नगाड़ों से होगा स्वागत
एशियाई खेल 2026 में भारत को शूटिंग में पहला स्वर्ण पदक मिला है। हरियाणा के झज्जर की बेटी सुरुचि इंदर सिंह ने कमलजीत के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस…
एशियाई खेल 2026 में भारत को शूटिंग में पहला स्वर्ण पदक मिला है। हरियाणा के झज्जर की बेटी सुरुचि इंदर सिंह ने कमलजीत के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस खबर के बाद से ही सुरुचि के गांव सासरौली में जश्न का माहौल है और परिवार बेटी के स्वागत की जोरदार तैयारियों में जुट गया है।
समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में सुरुचि की मां सुदेश ने अपनी खुशी ज़ाहिर करते हुए बताया कि बेटी का स्वागत ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा, "सुरुचि के गोल्ड मेडल जीतने की बेहद खुशी है। परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है।" स्वागत की योजनाओं के बारे में उन्होंने बताया, "उन्हें एयरपोर्ट से ही ढोल-नगाड़ों संग लेकर आया जाएगा। सुरुचि को चूरमा बहुत पसंद है, तो उन्हें वह भी खिलाकर स्वागत किया जाएगा।"
रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
सुरुचि और कमलजीत की जोड़ी ने शुक्रवार को हुए फाइनल मुकाबले में न सिर्फ सोना जीता, बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। दोनों ने फाइनल में 484.6 का स्कोर बनाकर नया एशियाई रिकॉर्ड कायम किया। इससे पहले, इस जोड़ी ने 587 के स्कोर के साथ एशियन गेम्स का क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड भी तोड़ा था। यह एशियाई खेल 2026 में शूटिंग में भारत का पहला गोल्ड मेडल है।
परिवार की खुशी और संदेश
सुरुचि के भाई निशांत, जो खुद भी एक शूटर हैं, अपनी बहन की इस उपलब्धि पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "हम सभी को बहुत खुशी है कि मेरी बहन ने इतना बड़ा मुकाम हासिल करते हुए एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता। मुझे उम्मीद है कि मेरी बहन आगे भी इसी तरह से और भी मेडल जीतकर लाएगी।" वहीं, सुरुचि की मां सुदेश ने अन्य माता-पिता से भी अपने बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा, "बच्चों को खेलों में डालना चाहिए। मां-बाप को बच्चे के भविष्य के बारे में सोचना जरूरी है।"
इनपुट: IANS


