DPL 2026: कप्तान यश धुल के बाद डबास ने दिखाया दम, सेंट्रल दिल्ली ने रोमांचक मैच में पुरानी दिल्ली को हराया
दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 की शुरुआत एक रोमांचक मुकाबले के साथ हुई, जहाँ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पुरानी दिल्ली-6 को 4 विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस उद्घाटन मैच में 203…
दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 की शुरुआत एक रोमांचक मुकाबले के साथ हुई, जहाँ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पुरानी दिल्ली-6 को 4 विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस उद्घाटन मैच में 203 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंट्रल दिल्ली के कप्तान यश धुल ने शानदार अर्धशतक जड़ा, जबकि केशव डबास ने अंत में महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इसी मैच में आचार संहिता के उल्लंघन के लिए केशव डबास पर जुर्माना भी लगाया गया।
हालांकि, डबास पर विपक्षी बल्लेबाज देव लाकरा को आउट होने के बाद मैदान से बाहर जाने का इशारा करने के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट लगाया गया। यह कार्रवाई डीपीएल आचार संहिता के आर्टिकल 2.5 (लेवल 1) के तहत की गई। लीग द्वारा जारी बयान में बताया गया कि केशव ने अपनी गलती और मैच रेफरी मनु नायर द्वारा दी गई सजा को स्वीकार कर लिया।
यश धुल और वंश बेदी की तूफानी पारियां
203 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स को कप्तान यश धुल ने बेहतरीन शुरुआत दी। उन्होंने सलामी बल्लेबाज सिद्धार्थ जून (14 गेंदों पर 23 रन) के साथ मिलकर पहले 5 ओवरों में ही 65 रन जोड़ दिए। धुल ने 45 गेंदों पर 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 72 रनों की विस्फोटक पारी खेली। बीच में युगल सैनी (22) रनआउट हुए और जोंटी सिद्धू खाता भी नहीं खोल पाए, लेकिन धुल ने पारी संभाले रखी। उनके आउट होने के बाद वंश बेदी ने सिर्फ 13 गेंदों पर 28 रन बनाकर जीत की उम्मीदों को जिंदा रखा।
डबास ने खत्म किया मैच
वंश बेदी के आउट होने के बाद मैच एक बार फिर फँसता हुआ दिखा, लेकिन केशव डबास ने दबाव में संयम दिखाया। उन्होंने 9 गेंदों में 17 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 19वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर लगाए गए दो बाउंड्री भी शामिल थे। आखिरी ओवर में जब 3 रनों की जरूरत थी, तो जसवीर सहरावत ने विनिंग शॉट लगाकर 19.1 ओवर में, यानी पांच गेंद शेष रहते ही टीम को जीत दिला दी।
अनुज रावत का शतक गया बेकार
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पुरानी दिल्ली-6 ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 202 रन बनाए थे। टीम की शुरुआत खराब रही और 30 रन पर 3 विकेट गिर गए थे। इसके बाद कप्तान अनुज रावत ने 59 गेंदों में 105 रनों की धमाकेदार शतकीय पारी खेली और देव लाकरा (37 गेंदों में 53 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 132 रनों की अहम साझेदारी की। हालांकि, उनकी यह शानदार पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी में सिंगर सुखबीर सिंह और सुनंदा शर्मा ने प्रस्तुति दी।
इनपुट: IANS


