DPL 2026: सिमरजीत सिंह ने खोला अपनी कामयाबी का राज़, बताया दबाव में कैसे काम आती है धोनी की सलाह
दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में ईस्ट दिल्ली राइडर्स भले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई हो, लेकिन टीम ने अपने आखिरी मैच में जीत के साथ टूर्नामेंट का अंत किया। कप्तान सिमरजीत सिंह ने इस जीत के बाद…
दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में ईस्ट दिल्ली राइडर्स भले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई हो, लेकिन टीम ने अपने आखिरी मैच में जीत के साथ टूर्नामेंट का अंत किया। कप्तान सिमरजीत सिंह ने इस जीत के बाद न सिर्फ अपनी टीम की सराहना की, बल्कि यह भी खुलासा किया कि मुश्किल पलों में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मिली एक खास सीख उनके बहुत काम आती है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सिमरजीत ने बताया कि वह दबाव की घड़ी में धोनी की दी हुई सलाह को हमेशा याद रखते हैं। उन्होंने कहा, "यह सब दबाव वाली स्थितियों में शांत रहने के बारे में है। जैसा कि धोनी कहते हैं, आपको उस पल में रहना होता है जहां आप अभी हैं - न कि अतीत के बारे में सोचना या भविष्य के बारे में बहुत दूर की सोचना। वर्तमान में रहना मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात है।"
जीत के साथ सीज़न का समापन
अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए बारिश से प्रभावित इस 10 ओवर के मैच में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने पहले से ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी पुरानी दिल्ली 6 को 10 रनों से शिकस्त दी। अपनी टीम के प्रदर्शन पर गर्व जताते हुए सिमरजीत ने कहा, "जीत हमेशा जीत होती है, और इसका एहसास हमेशा शानदार होता है। भले ही हम प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाए, लेकिन टूर्नामेंट का समापन जीत के साथ करना हमारे लिए बहुत खास है।" उन्होंने आगे कहा कि इस जीत से टीम का मनोबल बढ़ेगा और आगामी घरेलू सीज़न के लिए नया आत्मविश्वास मिलेगा।
मैच का लेखा-जोखा
इस मुकाबले में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 6 विकेट पर 118 रन बनाए। टीम के लिए सूर्यांश रैना ने महज़ 19 गेंदों पर 42 रनों की तूफानी पारी खेली। जवाब में 119 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पुरानी दिल्ली 6 की टीम 6 विकेट खोकर 108 रन ही बना सकी। कप्तान सिमरजीत सिंह ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। पुरानी दिल्ली 6 की ओर से दिग्वेश राठी ने 2 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट लिए।
इस हार के बावजूद, पुरानी दिल्ली 6 पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर बनी हुई है और प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। अब एलिमिनेटर मुकाबले में उसका सामना आउटर दिल्ली वॉरियर्स से होगा।
इनपुट: IANS


