FIFA U-15 वर्ल्ड कप: भारत ने रोमांचक मुकाबले में कैमरून को 2-1 से हराया, ग्रुप में लगातार दूसरी जीत
फीफा अंडर-15 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। बाकू के होवसन कॉम्पिटिशन कॉम्प्लेक्स में रविवार को हुए एक कड़े मुकाबले में भारत ने कैमरून को 2-1 से हराकर ग्रुप (के) में अपनी…
फीफा अंडर-15 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। बाकू के होवसन कॉम्पिटिशन कॉम्प्लेक्स में रविवार को हुए एक कड़े मुकाबले में भारत ने कैमरून को 2-1 से हराकर ग्रुप (के) में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भारत अपने ग्रुप में इकलौती टीम बन गई है, जिसने अब तक अपने दोनों मैच जीते हैं।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मैच की शुरुआत भारत के लिए बेहद भाग्यशाली रही। पहले ही मिनट में दीपक सिंह आरामबम की कॉर्नर किक पर कैमरून के खिलाड़ी फरेल न्गोबो ने गेंद को बाहर निकालने की कोशिश में हेडर लगाया, लेकिन गेंद उन्हीं के गोल में चली गई और भारत को 1-0 की शुरुआती बढ़त मिल गई।
गोलकीपर जेनित और कप्तान का दमदार प्रदर्शन
एक तरफ जहाँ भारतीय टीम गोल करने के मौके बना रही थी, वहीं गोलकीपर जेनित निंगथौजाम ने कई बेहतरीन बचाव कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। उन्होंने 16वें मिनट में एक फ्री-किक और फिर रैंडी न्गोमे के करीबी शॉट को रोका। 18वें मिनट में भी जेनित ने नदाम मोख्तार को आमने-सामने की स्थिति में गोल करने से रोक दिया। हालांकि, 20वें मिनट में कैमरून बराबरी करने में सफल रहा, जब मोहम्मद सोहिल खान के आत्मघाती गोल (own goal) से स्कोर 1-1 हो गया।
दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने नई रणनीति के साथ वापसी की। 27वें मिनट में सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी रोनांदेव अहेइबाम ने मिडफील्ड में गेंद छीनकर दीपक को पास दिया। दीपक के सटीक 'लो क्रॉस' पर कप्तान आर. लालरेमरुआतफेला ने बाएं पैर से शानदार गोल कर भारत को 2-1 से निर्णायक बढ़त दिला दी।
पेनल्टी बचाकर जेनित बने हीरो
मैच का एक और रोमांचक पल 31वें मिनट में आया, जब हैंडबॉल के कारण कैमरून को पेनल्टी मिली। लेकिन गोलकीपर जेनित ने एक बार फिर अपना कमाल दिखाते हुए हारौना अब्दौले की स्पॉट-किक को बचा लिया और भारत की बढ़त को सुरक्षित रखा। अंत तक भारतीय टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा और यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इनपुट: IANS


