FIFA विश्व कप 2026: फ्रांस और स्पेन के बीच सेमीफाइनल की जंग, जानें कब और कहां देखें यह महामुकाबला
फीफा विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला फुटबॉल की दो बड़ी ताकतों, फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा। यह रोमांचक मैच डलास स्टेडियम में बुधवार को होगा, जिस पर दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों की…
फीफा विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला फुटबॉल की दो बड़ी ताकतों, फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा। यह रोमांचक मैच डलास स्टेडियम में बुधवार को होगा, जिस पर दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें टिकी हैं। फ्रांस की टीम लगातार तीसरी बार फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेगी, तो वहीं 2010 की चैंपियन स्पेन मौजूदा यूरोपीय चैंपियन के तौर पर शानदार फॉर्म में है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 38 मुकाबले हुए हैं, जिनमें स्पेन का पलड़ा भारी रहा है। स्पेन ने 18 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि फ्रांस को 13 बार सफलता मिली है। दोनों टीमों के बीच 7 मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। इस ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार कौन बाजी मारता है।
सेमीफाइनल तक दोनों टीमों का सफर
फ्रांस: 1998 और 2018 की विजेता फ्रांस ने इस टूर्नामेंट में अब तक दमदार प्रदर्शन किया है। कोच डिडियर डेसचैम्प्स की टीम ने ग्रुप स्टेज में सेनेगल, इराक और नॉर्वे को हराकर आसानी से अगले दौर में जगह बनाई। इसके बाद नॉकआउट में भी टीम ने लय बरकरार रखी। राउंड ऑफ 32 में स्वीडन को हराने के बाद, 'लेस ब्लूज' ने राउंड ऑफ 16 में पैराग्वे और क्वार्टर फाइनल में मोरक्को जैसी मजबूत टीमों को शिकस्त दी।
स्पेन: दूसरी ओर, स्पेन की शुरुआत थोड़ी धीमी रही। उन्हें ग्रुप एच के अपने पहले मैच में काबो वर्डे के खिलाफ गोल रहित ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। हालांकि, इसके बाद टीम ने लय पकड़ी और सऊदी अरब व उरुग्वे को हराकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। नॉकआउट मुकाबलों में स्पेन के लिए बेंच से आए खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई। मिकेल मेरिनो ने पुर्तगाल और बेल्जियम के खिलाफ देर से गोल कर अपनी टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाया।
कब और कहां देखें लाइव?
फ्रांस और स्पेन के बीच यह सेमीफाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार बुधवार को देर रात 12:30 बजे (AM) शुरू होगा। भारत में फुटबॉल प्रशंसक इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग G5 प्लेटफॉर्म और ऐप पर देख सकते हैं, जिसके लिए सब्सक्रिप्शन की आवश्यकता होगी। वहीं, टीवी पर इसका सीधा प्रसारण यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 एचडी, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2, और यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 एचडी चैनलों पर उपलब्ध होगा।
दोनों टीमों के खिलाड़ी
फ्रांस की टीम:
गोलकीपर: माइक मेगनन, रॉबिन रिसर, ब्राइस सांबा।
डिफेंडर: लुकास डिग्ने, मालो गुस्टो, लुकास हर्नांडेज, थियो हर्नांडेज, इब्राहिमा कोनाटे, जूल्स कौंडे, मैक्सेंस लैक्रोइक्स, विलियम सलीबा, डेयोट उपामेकानो।
मिडफील्डर: एन'गोलो कांटे, मनु कोने, एड्रियन रबियोट, ऑरेलियन टचौमेनी, वॉरेन जैरे-एमरी।
फॉरवर्ड: मैग्नेस अक्लिओचे, ब्रैडली बारकोला, रेयान चेर्की, ओस्मान डेम्बेले, डिजायर डू, जीन-फिलिप माटेटा, किलियन एमबीप्पे, माइकल ओलिस, मार्कस थुरम।
स्पेन की टीम:
गोलकीपर: उनाई साइमन, डेविड राया, जोन गार्सिया।
डिफेंडर: पेड्रो पोरो, मार्कोस लोरेंटे, आयमेरिक लापोर्टे, पाउ क्यूबर्सी, मार्क पबिल, एरिक गार्सिया, मार्क कुकुरेला, एलेजांद्रो ग्रिमाल्डो।
मिडफील्डर: रोड्रिगो हर्नांडेज, मार्टिन जुबिमेंडी, पेड्रि गोंजालेज, फैबियन रुइज, मिकेल मेरिनो, पाब्लो पेज 'गावी', एलेक्स बेना।
फॉरवर्ड: मिकेल ओयारजाबल, लैमिन यामल, फेरान टोरेस, बोरजा इग्लेसियस, दानी ओल्मो, विक्टर मुनोज, निको विलियम्स, येरेमी पिनो।
इनपुट: IANS


