FIFA वर्ल्ड कप 2026: चैंपियन टीम को ट्रॉफी के साथ पहली बार मिलेगी खास 'चैंपियनशिप रिंग'
फीफा वर्ल्ड कप 2026 की विजेता टीम को इस बार एक ऐसा सम्मान मिलने जा रहा है जो फुटबॉल के इतिहास में पहले कभी नहीं मिला। ट्रॉफी और गोल्ड मेडल के साथ-साथ, चैंपियन टीम के हर खिलाड़ी और स्टाफ सदस्य को एक…
फीफा वर्ल्ड कप 2026 की विजेता टीम को इस बार एक ऐसा सम्मान मिलने जा रहा है जो फुटबॉल के इतिहास में पहले कभी नहीं मिला। ट्रॉफी और गोल्ड मेडल के साथ-साथ, चैंपियन टीम के हर खिलाड़ी और स्टाफ सदस्य को एक विशेष 'चैंपियनशिप रिंग' भी दी जाएगी। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, फीफा ने इस ऐतिहासिक पहल की आधिकारिक घोषणा कर दी है, जो अमेरिकी खेलों की मशहूर परंपरा से प्रेरित है।
इस कदम का मकसद खिलाड़ियों को उनकी शानदार जीत की एक स्थायी और व्यक्तिगत यादगार निशानी देना है। फाइनल मैच के तुरंत बाद कप्तान और हेड कोच को एक अस्थायी रिंग दी जाएगी, जिसके बाद पूरी विजेता टीम के लिए 30 कस्टमाइज्ड रिंग तैयार की जाएंगी।
कैसी होगी यह खास रिंग?
फीफा ने बताया है कि हर रिंग को खास तौर पर डिजाइन किया जाएगा। इसके एक तरफ फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी का चित्र होगा, जबकि दूसरी तरफ विजेता देश की टीम के अनुसार विशेष डिजाइन बनाया जाएगा। हर रिंग पर एक यूनिक नंबर होगा और उसे खिलाड़ी के हिसाब से तैयार किया जाएगा। साथ ही, इसके असली होने का एक प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
फैंस भी खरीद सकेंगे लिमिटेड एडिशन
चैंपियन टीम को 30 रिंग मिलने के अलावा, फीफा इसका एक लिमिटेड एडिशन भी जारी करेगा। कुल 2,026 रिंग बनाई जाएंगी, जिनमें से बची हुई 1,996 रिंग दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी। ये रिंग आधिकारिक लाइसेंस प्राप्त उत्पाद के तौर पर बेची जाएंगी।
फाइनल में अर्जेंटीना और स्पेन की टक्कर
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना और यूरोपियन चैंपियन स्पेन के बीच खेला जाएगा। अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार और कुल सातवीं बार फाइनल में पहुंचा है। टीम ने रोमांचक सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराया था। वहीं, स्पेन ने मजबूत मानी जा रही फ्रांस की टीम को हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की है। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी शानदार फॉर्म में हैं और टूर्नामेंट में अब तक आठ गोल कर चुके हैं।
इनपुट: IANS


