लिवरपूल से 9 साल का नाता तोड़ तुर्की पहुंचे मोहम्मद सालाह, ट्रैबजोनस्पोर से किया 2 साल का करार
फुटबॉल की दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी और मिस्र के कप्तान मोहम्मद सालाह अब तुर्की के क्लब 'ट्रैबजोनस्पोर' की जर्सी में खेलते नज़र आएँगे। लिवरपूल के साथ 9 साल का शानदार सफर खत्म करने के बाद, सालाह ने इस…
फुटबॉल की दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी और मिस्र के कप्तान मोहम्मद सालाह अब तुर्की के क्लब 'ट्रैबजोनस्पोर' की जर्सी में खेलते नज़र आएँगे। लिवरपूल के साथ 9 साल का शानदार सफर खत्म करने के बाद, सालाह ने इस तुर्की सुपर लीग क्लब के साथ दो साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह एक 'फ्री ट्रांसफर' है, जो सालाह और लिवरपूल के बीच आपसी सहमति से कॉन्ट्रैक्ट को एक साल पहले खत्म करने के फैसले के बाद संभव हुआ।
34 वर्षीय सालाह का यह कदम तुर्की सुपर लीग के इतिहास के सबसे बड़े ट्रांसफर में से एक माना जा रहा है। अब वह ट्रैबजोनस्पोर के साथ एक नई चुनौती की शुरुआत करेंगे, जो तुर्की के सबसे कामयाब क्लबों में गिना जाता है। यह क्लब सात बार तुर्की लीग का चैंपियन रह चुका है और 2022 में उसने 38 साल के लंबे इंतजार के बाद सुपर लीग का खिताब अपने नाम किया था।
एनफील्ड में एक सुनहरा अध्याय समाप्त
मोहम्मद सालाह के जाने से लिवरपूल के आधुनिक इतिहास के एक बेहद सफल अध्याय का अंत हो गया है। 2017 की गर्मियों में इटैलियन क्लब एएस रोमा से एनफील्ड आने के बाद, इस मिस्र के फॉरवर्ड ने क्लब के महानतम खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई। उनके रहते हुए लिवरपूल ने दो प्रीमियर लीग खिताब, एक-एक यूईएफए चैंपियंस लीग, फीफा क्लब वर्ल्ड कप, यूईएफए सुपर कप, एफए कप और एफए कम्युनिटी शील्ड के अलावा दो लीग कप भी जीते।
आँकड़ों की बात करें तो, सालाह ने मर्सीसाइड क्लब के लिए 435 मैचों में 255 गोल दागे, जिससे वह क्लब के सर्वकालिक सर्वाधिक गोल करने वालों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुँच गए। उन्होंने चार बार प्रीमियर लीग का 'गोल्डन बूट' भी अपने नाम किया।
क्यों छोड़ा लिवरपूल?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लिवरपूल में सालाह का आखिरी सीजन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। उन्हें नियमित रूप से खेलने का मौका नहीं मिल रहा था और तत्कालीन हेड कोच अर्ने स्लॉट के साथ उनके संबंध भी तनावपूर्ण बताए जा रहे थे। इन्हीं परिस्थितियों के चलते दोनों पक्षों ने समय से पहले अनुबंध समाप्त करने पर सहमति जताई, जो असल में 2025-26 सीजन के बाद खत्म होना था।
इनपुट: IANS


