रियल मैड्रिड को झटका: डिफेंडर राउल असेंशियो चोट के कारण 6 हफ़्ते के लिए मैदान से बाहर
स्पेन के मशहूर फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड के लिए प्री-सीजन में एक और बुरी खबर आई है। टीम के डिफेंडर राउल असेंशियो जांघ की मांसपेशियों में चोट के कारण लगभग छह सप्ताह के लिए मैदान से दूर हो गए हैं…
स्पेन के मशहूर फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड के लिए प्री-सीजन में एक और बुरी खबर आई है। टीम के डिफेंडर राउल असेंशियो जांघ की मांसपेशियों में चोट के कारण लगभग छह सप्ताह के लिए मैदान से दूर हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस चोट के चलते वह नए कोच होज़े मोरिन्हो के नेतृत्व में बाकी प्री-सीजन मैच तो नहीं खेल पाएंगे, साथ ही ला लीगा के शुरुआती चार से पांच मैचों से भी बाहर रह सकते हैं।
रियल मैड्रिड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर असेंशियो की चोट की पुष्टि करते हुए बताया, "मेडिकल टेस्ट में राउल असेंशियो के दाहिने पैर के रेक्टस फेमोरिस मसल में चोट का पता चला है।" हालांकि क्लब ने उनकी वापसी के लिए कोई निश्चित समय-सीमा नहीं दी है, लेकिन स्पेनिश मीडिया का अनुमान है कि उन्हें ठीक होने में करीब छह हफ्ते लग सकते हैं।
टीम में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और ट्रांसफर की अटकलें
पिछले सीजन में 34 मैचों में टीम का हिस्सा रहे असेंशियो के लिए यह चोट एक मुश्किल समय पर आई है। लिवरपूल से आए डिफेंडर इब्राहिमा कोनाटे के कारण उन्हें पहले से ही टीम में अपनी जगह के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा, क्लब इंटर मिलान के सेंटर-बैक एलेसेंड्रो बस्तोनी को भी टीम में शामिल करने की कोशिश कर रहा है, जिससे मुकाबला और भी कड़ा हो जाता।
स्पेनिश मीडिया में ऐसी भी खबरें थीं कि बस्तोनी के साथ होने वाले सौदे के तहत असेंशियो को भेजा जा सकता है, लेकिन उनकी यह ताजा चोट किसी भी संभावित ट्रांसफर की राह में रोड़ा बन सकती है।
प्री-सीजन में चोटों से परेशान मैड्रिड
असेंशियो रियल मैड्रिड के दूसरे खिलाड़ी हैं, जिन्हें इस हफ्ते प्री-सीजन ट्रेनिंग के दौरान चोट लगी है। उनसे पहले युवा मिडफील्डर थियागो पिटार्च भी चोटिल होकर लगभग 6 सप्ताह के लिए बाहर हो चुके हैं। एक तरफ जहां क्लब ने होज़े मोरिन्हो की वापसी और कई बड़े खिलाड़ियों के साथ अनुबंध करके इस ट्रांसफर विंडो में सुर्खियां बटोरी हैं, वहीं दूसरी तरफ खिलाड़ियों की चोटें टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं।
इनपुट: IANS


