2027 वर्ल्ड कप: घरेलू मैदान पर दबाव नहीं, 'किले की रक्षा' का इरादा - कगिसो रबाडा
साउथ अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा का मानना है कि 2027 में घरेलू सरजमीं पर वनडे वर्ल्ड कप खेलने का टीम पर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं होगा, बल्कि यह एक तरह की आजादी होगी। समाचार एजेंसी IANS की…
साउथ अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा का मानना है कि 2027 में घरेलू सरजमीं पर वनडे वर्ल्ड कप खेलने का टीम पर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं होगा, बल्कि यह एक तरह की आजादी होगी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, रबाडा ने कहा कि टीम अपने घर को एक किले की तरह देखेगी और इसे बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
साउथ अफ्रीका 2027 में जिम्बाब्वे और नामीबिया के साथ मिलकर 50 ओवर के वर्ल्ड कप के 14वें संस्करण की सह-मेजबानी करेगा। हाल के वर्षों में टीम के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उनसे उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। टीम ने 2025 में ऑस्ट्रेलिया को हराकर पहली बार आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का खिताब भी जीता था।
खुद पर है पूरा भरोसा
जोहान्सबर्ग में 2027 वर्ल्ड कप के वेन्यू और ब्रांड घोषणा कार्यक्रम में रबाडा ने आईसीसी से कहा, "हमने दिखाया है कि हम फाइनल और सेमीफाइनल में खेल सकते हैं। बस आखिरी कदम उठाना बाकी है। इसलिए आत्मविश्वास तो है ही। भरोसा भी पक्का है, बस एक कदम और आगे बढ़ना है।" 31 वर्षीय रबाडा का मानना है कि हालिया सफलताओं ने बड़े नॉकआउट मैचों का दबाव झेलने की टीम की क्षमता को और मजबूत किया है।
उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, "मुझे घर पर खेलने और विश्व कप जीतने की जरूरत महसूस करने का कोई दबाव नहीं लगता। यह लगभग ऐसा है जैसे हम घर पर हैं और हम इस किले की रक्षा करने जा रहे हैं।"
वसीम अकरम की गेंदबाजी से प्रेरणा
रबाडा 2019 और 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीकी टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने 1992 वर्ल्ड कप फाइनल में पाकिस्तान के दिग्गज वसीम अकरम के इंग्लैंड के खिलाफ किए गए मैच जिताऊ स्पेल को याद किया। उन्होंने कहा, "वर्ल्ड कप का एक पल जिसे मैं कभी नहीं भूलूंगा... मेरे लिए इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में वसीम अकरम का प्रदर्शन लाजवाब था। उनके पास गति और हुनर था और जबरदस्त ऊर्जा थी।"
गौरतलब है कि साउथ अफ्रीका की टीम चार बार 50 ओवर के वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है, लेकिन अब तक खिताब जीतने में नाकाम रही है। 2027 का टूर्नामेंट अपने देश में होने के कारण प्रोटियाज टीम इस सूखे को खत्म करने की पुरजोर कोशिश करेगी।
इनपुट: IANS


