गोल्फ: 259 के रिकॉर्ड स्कोर के साथ रूकी जैक्सन कोइवुन ने 3M ओपन जीता, शेफलर को पछाड़ा
गोल्फ की दुनिया में नए प्रो बने जैक्सन कोइवुन ने अपने करियर के तीसरे ही टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर करते हुए अपना पहला पीजीए टूर खिताब जीत लिया है। उन्होंने अमेरिका के ब्लेन में हुए 3M ओपन में वर्ल्ड…
गोल्फ की दुनिया में नए प्रो बने जैक्सन कोइवुन ने अपने करियर के तीसरे ही टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर करते हुए अपना पहला पीजीए टूर खिताब जीत लिया है। उन्होंने अमेरिका के ब्लेन में हुए 3M ओपन में वर्ल्ड नंबर 1 स्कॉटी शेफलर को तीन स्ट्रोक से हराकर यह शानदार जीत दर्ज की। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, कोइवुन ने टूर्नामेंट का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
टीपीसी ट्विन सिटीज में खेले गए इस टूर्नामेंट में कोइवुन ने आखिरी राउंड में 5-अंडर 66 का स्कोर किया। उनका कुल स्कोर 25-अंडर 259 रहा, जो 3M ओपन के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ली हॉजेस के नाम था, जिन्होंने 2023 में 24-अंडर 260 का स्कोर बनाया था।
शेफलर की जोरदार वापसी, फिर भी रह गए पीछे
एक समय ऐसा लग रहा था कि स्कॉटी शेफलर खिताब पर कब्जा कर सकते हैं। उन्होंने आखिरी राउंड में 63 का शानदार कार्ड खेलकर कोइवुन पर दबाव बनाया था, लेकिन अंततः उन्हें उपविजेता बनकर ही संतोष करना पड़ा। यह इस सीजन में पांचवीं बार है जब शेफलर दूसरे स्थान पर रहे हैं। उनकी इस साल की एकमात्र जीत कैलिफोर्निया में हुए 'द अमेरिकन एक्सप्रेस' टूर्नामेंट में आई थी।
इस जीत के लिए कोइवुन को 15,84,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि मिली। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के दम पर उन्होंने फेडएक्सकप रैंकिंग में 124 स्थानों की लंबी छलांग लगाई और अब वे 70वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस टूर्नामेंट में भारतीय मूल के सुदर्शन येल्लामाराजू कट में जगह नहीं बना सके, जबकि अक्षय भाटिया और साहित थीगाला ने हिस्सा नहीं लिया था। हिदेकी मात्सुयामा, ब्रायन हरमन, चैंडलर फिलिप्स और डेनी मैकार्थी 20-अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
इनपुट: IANS


