एशियाई खेलों में मनप्रीत कौर का कमाल, शॉट पुट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर बढ़ाया देश का मान
चीन में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धा में भारत की मनप्रीत कौर ने 17.17 मीटर के थ्रो के साथ देश के लिए कांस्य पदक जीता…
चीन में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धा में भारत की मनप्रीत कौर ने 17.17 मीटर के थ्रो के साथ देश के लिए कांस्य पदक जीता। उनकी इस उपलब्धि पर उनके परिवार में जश्न का माहौल है, जिन्होंने उनकी इस सफलता को 'पूरे परिवार की मेहनत का नतीजा' बताया है।
समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में मनप्रीत के सास-ससुर ने अपनी बहू की इस कामयाबी पर गर्व और खुशी जाहिर की। उनकी सास ने कहा, "हम अपनी बहु के लिए बहुत खुश हैं। हमें खुशी है कि वह देश के लिए कुछ करके और मेडल लेकर आई है। हमें अपनी बहु पर मान है।" उन्होंने बताया कि मनप्रीत ने घर पर ही रहकर तैयारी की और बाद में नौकरी के लिए उन्हें पटियाला जाना पड़ा।
परिवार का अटूट समर्थन
मनप्रीत के ससुर ने उनकी लगन को याद करते हुए कहा, "यह उनकी वर्षों की मेहनत का नतीजा है। वह नौकरी करने के साथ-साथ खूब प्रैक्टिस किया करती थी।" उन्होंने यह भी बताया कि उनके बेटे ने भी मनप्रीत का हर कदम पर साथ दिया। उन्होंने कहा, "हमारी बहु जब आएगी, तो हम उसके साथ खूब एन्जॉय करेंगे। मिठाई बाटेंगे और गुरुद्वारा जाकर अरदास करेंगे। हमारे पूरे परिवार की मेहनत सफल हो गई है।"
मनप्रीत कौर का करियर
यह पहला मौका नहीं है जब मनप्रीत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है। वह एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में भी 17.00 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने 2016 ओलंपिक खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जहाँ वह 23वें स्थान पर रही थीं।
मनप्रीत का करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उन्होंने 2017 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था, लेकिन प्रतिबंधित पदार्थों के टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन पर चार साल का प्रतिबंध लगा और पदक वापस ले लिया गया था। हालांकि, 2022 में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 18.06 मीटर के थ्रो के साथ नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा।
इनपुट: IANS


