रविवार, 1 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
फुटबॉल

सऊदी अरब: हमलों के बावजूद 2027 AFC एशियन कप की तैयारियां जारी, आयोजकों ने दिया भरोसा

सऊदी अरब में अगले साल जनवरी में होने वाले AFC एशियन कप 2027 की तैयारियों पर क्षेत्र में हुए हालिया हमलों का कोई असर नहीं पड़ा है। स्थानीय आयोजन समिति (LOC) ने पुष्टि की है कि टूर्नामेंट के लिए सभी…

सऊदी अरब: हमलों के बावजूद 2027 AFC एशियन कप की तैयारियां जारी, आयोजकों ने दिया भरोसा
(फोटो: IANS)

सऊदी अरब में अगले साल जनवरी में होने वाले AFC एशियन कप 2027 की तैयारियों पर क्षेत्र में हुए हालिया हमलों का कोई असर नहीं पड़ा है। स्थानीय आयोजन समिति (LOC) ने पुष्टि की है कि टूर्नामेंट के लिए सभी काम तय कार्यक्रम के अनुसार चल रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आयोजकों का पूरा ध्यान एक विश्वस्तरीय टूर्नामेंट आयोजित करने पर है, जिसमें एशिया भर की टीमें, प्रशंसक और मीडिया हिस्सा लेंगे।

यह बड़ा कॉन्टिनेंटल फुटबॉल टूर्नामेंट अगले साल 7 जनवरी से 5 फरवरी तक सऊदी अरब के तीन शहरों- रियाद, जेद्दा और अल खोबर में आयोजित किया जाएगा। गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक हमला हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई थी और 309 अन्य घायल हो गए थे। यमन के हूती मूवमेंट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी, जिसे एक दशक से भी ज़्यादा समय में देश पर हुआ सबसे खतरनाक हमला माना जा रहा है।

कामकाज पटरी पर: आयोजन समिति

सुरक्षा चिंताओं के बीच, आयोजन समिति ने एक बयान जारी कर अपनी प्रतिबद्धता जताई। बयान में कहा गया, "सभी संगठनात्मक और ऑपरेशनल क्षेत्रों में तैयारियां मंजूर शेड्यूल के हिसाब से चल रही हैं। इसमें वेन्यू, सुविधाएं और सहायक सेवाओं पर काम शामिल है।" समिति ने यह भी कहा कि वे यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि मेजबान के तौर पर सऊदी अरब के लक्ष्यों को दिखाने वाला एक सफल टूर्नामेंट आयोजित हो।

अन्य खेल आयोजनों पर पड़ा था असर

हालांकि एशियन कप की तैयारियां जारी हैं, लेकिन हाल के हमलों के कारण सऊदी अरब में होने वाले कुछ अन्य बड़े खेल आयोजनों को स्थगित करना पड़ा था। रियाद एयरपोर्ट पर हमले के बाद लॉजिस्टिक दिक्कतों के चलते 'सिक्स किंग्स स्लैम' टेनिस प्रदर्शनी इवेंट को 27-30 दिसंबर, 2026 तक के लिए टाल दिया गया। इसी तरह, जेद्दा में 16 से 25 अक्टूबर के बीच होने वाले फीफा-ई फाइनल्स 2026 को भी फीफा और सऊदी ईस्पोर्ट्स फेडरेशन ने स्थगित कर दिया था।

पहले AFC अध्यक्ष शेख सलमान बिन इब्राहिम अल खलीफा ने भी 2027 एशियन कप को एक साल आगे बढ़ाकर 2028 में कराने का विकल्प दिया था, लेकिन सऊदी अरब के रुख के कारण इस आयोजन को टालने की नौबत नहीं आई।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →