इमेशा दुलानी के तूफानी शतक से श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराया, T20 सीरीज में 1-0 की बढ़त
श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम ने इमेशा दुलानी के शानदार नाबाद शतक की बदौलत पाकिस्तान के खिलाफ पहले T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में दमदार जीत दर्ज की है। दांबुला में खेले गए इस मैच में श्रीलंका ने…
श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम ने इमेशा दुलानी के शानदार नाबाद शतक की बदौलत पाकिस्तान के खिलाफ पहले T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में दमदार जीत दर्ज की है। दांबुला में खेले गए इस मैच में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 177 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम ने यह जीत 19वें ओवर में ही हासिल कर ली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को कप्तान चमारी अटापट्टू और इमेशा दुलानी ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 78 रनों की अहम साझेदारी की। अटापट्टू ने सिर्फ 22 गेंदों पर 39 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद श्रीलंका ने विश्मी गुणरत्ने (3), हर्षिता समरविक्रमा (7) और कविशा दिलहारी (11) के विकेट जल्दी खो दिए, लेकिन इमेशा दुलानी एक छोर पर डटी रहीं।
इमेशा की ऐतिहासिक शतकीय पारी
इमेशा दुलानी ने श्रीलंकाई पारी को अकेले दम पर संभाला और पाकिस्तानी गेंदबाजों पर हावी रहीं। उन्होंने महज 64 गेंदों का सामना करते हुए 101 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस यादगार पारी में उन्होंने 17 चौके और एक छक्का जड़ा। उनकी इस मैच जिताऊ पारी के सामने पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण पूरी तरह बेबस नजर आया। पाकिस्तान की ओर से नाशरा संधू ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट लिए, लेकिन वे टीम को हार से नहीं बचा सकीं।
पाकिस्तान की अच्छी शुरुआत रही बेकार
इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने शानदार शुरुआत की थी। मुनीबा अली (42 रन) और शवाल जुल्फिकार (63 रन) ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े। शवाल ने इमान नसीर (21 रन) के साथ भी 61 रनों की साझेदारी की। एक समय बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही पाकिस्तानी टीम आखिरी ओवरों में लड़खड़ा गई और गुच्छों में विकेट गंवाए। नतीजा यह हुआ कि टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन ही बना सकी। श्रीलंका के लिए कविशा दिलहारी ने सबसे ज्यादा 2 विकेट हासिल किए, जबकि काव्या कविंदी और चमोदी प्रबोदा को एक-एक सफलता मिली।
इनपुट: IANS


