ईशान किशन ने तोड़ा सूर्यकुमार का रिकॉर्ड, एक साल में T20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बने
भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में खेले गए पांचवें T20 मैच में 61 रनों की पारी खेलकर वह…
भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में खेले गए पांचवें T20 मैच में 61 रनों की पारी खेलकर वह एक कैलेंडर वर्ष में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने टीम के साथी सूर्यकुमार यादव के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पारी के दौरान सिर्फ छह रन बनाते ही ईशान ने यह उपलब्धि अपने नाम कर ली। साल 2026 में अब तक खेले गए 37 T20 मैचों में उनके नाम 1220 रन हो गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम था, जिन्होंने 2022 में 32 मैचों में 1164 रन बनाए थे।
शानदार पारी और तेज 2000 रन
सेडन पार्क में खेले जा रहे इस मुकाबले में ईशान ने महज 32 गेंदों पर 61 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस पारी के साथ ही उन्होंने T20 क्रिकेट में अपने 2000 रन भी पूरे कर लिए। वह गेंदों के लिहाज से भारत की ओर से सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। ईशान ने यह मुकाम 1,345 गेंदों में हासिल किया। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ अभिषेक शर्मा (1024 गेंदें) और सूर्यकुमार यादव (1164 गेंदें) हैं।
भारत की पारी को संभाला
मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। अभिषेक शर्मा (1) और संजू सैमसन (4) सस्ते में पवेलियन लौट गए, जिससे टीम का स्कोर 19 रन पर 2 विकेट हो गया। इसके बाद ईशान ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए केवल 43 गेंदों पर 93 रनों की विस्फोटक साझेदारी की। अय्यर ने भी 23 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इस मैच के लिए भारतीय टीम ने दो बदलाव करते हुए वरुण चक्रवर्ती और भुवनेश्वर कुमार को प्लेइंग इलेवन में जगह दी है।
इनपुट: IANS


