ISL 2026-27: खिताब बचाने उतरेगा ईस्ट बंगाल, पहले ही मैच में चर्चिल ब्रदर्स की कड़ी चुनौती
इंडियन सुपर लीग (ISL) 2026-27 में अपने खिताब को बचाने का अभियान शुरू करने जा रही मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी के सामने पहली ही चुनौती मजबूत नजर आ रही है। रविवार को गोवा के फतोरदा स्टेडियम में टीम…
इंडियन सुपर लीग (ISL) 2026-27 में अपने खिताब को बचाने का अभियान शुरू करने जा रही मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी के सामने पहली ही चुनौती मजबूत नजर आ रही है। रविवार को गोवा के फतोरदा स्टेडियम में टीम का सामना चर्चिल ब्रदर्स एफसी गोवा से होगा, जो पहले ही एक मुकाबला जीतकर आत्मविश्वास से भरी हुई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दोनों टीमों की पुरानी प्रतिद्वंद्विता इस मुकाबले में एक नया अध्याय जोड़ने के लिए तैयार है।
एंटोनियो लोपेज हबास की कोचिंग वाली ईस्ट बंगाल की टीम महाद्वीपीय और कप प्रतियोगिताओं में व्यस्त रहने के बाद अब अपना घरेलू अभियान शुरू कर रही है। हाल ही में टीम को एएफसी चैंपियंस लीग टू में इराक की अल-शॉर्टा के खिलाफ 3-2 से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, उस मैच में डेविड लालहलानसांगा ने टीम के लिए दोनों गोल किए थे।
जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगा चर्चिल ब्रदर्स
चर्चिल ब्रदर्स ने अपने पहले ही आईएसएल मैच में मुंबई सिटी एफसी को 2-1 से हराकर यह साबित कर दिया है कि वे इस सीजन में किसी भी टीम को कड़ी टक्कर दे सकते हैं। उस मुकाबले में गौरव बोरा ने पहला गोल दागा था, जबकि कोलंबियाई स्ट्राइकर सेबेस्टियन गुटिरेज ने अंतिम क्षणों में गोल कर टीम को जीत दिलाई थी।
जीत के बावजूद, चर्चिल के मुख्य कोच दिमित्रिस दिमित्रिउ संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा, "बेशक हमें जीत मिली... लेकिन अभी भी सुधार की काफी गुंजाइश है। मुझे विश्वास है कि रविवार को हम और बेहतर फुटबॉल खेलेंगे।"
नई ताकत के साथ उतरेगी ईस्ट बंगाल
ईस्ट बंगाल ने इस सीजन में अपनी टीम को और मजबूत किया है। टीम में गोलकीपर फुरबा लाचेनपा, मिडफील्डर दानी रामिरेज, ऑस्ट्रेलियाई अटैकर क्रिस इकोनोमिडिस, फॉरवर्ड एके लोबा और पोलिश स्ट्राइकर लुकाज ज्वोलिंस्की जैसे कई नए खिलाड़ी शामिल हुए हैं।
कोच हबास ने चर्चिल ब्रदर्स को एक "खतरनाक टीम" बताते हुए कहा, "हमारा लक्ष्य तीन अंक हासिल करना है। हम उनका सम्मान करते हैं, लेकिन हमें अपने खेल का स्तर और ऊपर उठाना होगा।" यह मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि ईस्ट बंगाल के पूर्व खिलाड़ी प्रोवत लाकरा अब चर्चिल ब्रदर्स की तरफ से अपने पुराने क्लब के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।
इनपुट: IANS


