ISL: पूरी तरह भारतीय टीम के साथ इंटर काशी की पहली परीक्षा, सामने होगी नई नवेली केरला ब्लास्टर्स
इंडियन सुपर लीग (ISL) में इस बार एक अनोखा मुकाबला देखने को मिलेगा, जब पूरी तरह से भारतीय खिलाड़ियों से सजी इंटर काशी की टीम अपने घरेलू मैदान पर केरला ब्लास्टर्स का सामना करेगी। यह मैच बालेवाड़ी के…
इंडियन सुपर लीग (ISL) में इस बार एक अनोखा मुकाबला देखने को मिलेगा, जब पूरी तरह से भारतीय खिलाड़ियों से सजी इंटर काशी की टीम अपने घरेलू मैदान पर केरला ब्लास्टर्स का सामना करेगी। यह मैच बालेवाड़ी के श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा, जो इस सीजन इंटर काशी का होम ग्राउंड है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, फीफा द्वारा लगाए गए ट्रांसफर बैन के कारण इंटर काशी को अपने सभी भारतीय खिलाड़ियों के साथ ही मैदान में उतरना पड़ रहा है।
टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने अनुभवी भारतीय खिलाड़ियों को एक मजबूत इकाई के रूप में ढालना होगी। हालांकि, इस साल की शुरुआत में कोच्चि में ब्लास्टर्स पर मिली 2-1 की जीत से टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है।
टीमों में बड़े बदलाव
इंटर काशी: टीम ने बैन लगने से ठीक पहले 22 खिलाड़ियों को रजिस्टर किया था। इनमें ISL का अनुभव रखने वाले कई नाम शामिल हैं, जैसे गोलकीपर अल्बिनो गोम्स, डिफेंडर लालडिनलियाना रेंथलेई, विंगर रोसेनबर्ग गेब्रियल, फॉरवर्ड मनवीर सिंह और स्ट्राइकर आयुष छिकारा।
केरला ब्लास्टर्स: दूसरी ओर, कोच एश्ले वेस्टवुड के नेतृत्व में केरला ब्लास्टर्स एक बिल्कुल नई टीम के साथ मैदान में उतरेगी। नए ओनरशिप के आने के बाद टीम में बड़े बदलाव हुए हैं। क्लब ने अपने स्टार खिलाड़ी एड्रियन लूना को तो बरकरार रखा है, लेकिन साथ ही चार नए विदेशी खिलाड़ियों को भी जोड़ा है। इनमें डिफेंडर जेम्स बोल्टन, विंगर आंद्रे ग्रीन, मिडफील्डर नेबोजा कोसोविक और फॉरवर्ड मोमो यानसेन शामिल हैं। इसके अलावा अनुभवी गोलकीपर अमरिंदर सिंह और मोहम्मद यासिर जैसे भारतीय खिलाड़ियों से भी टीम को मजबूती मिली है।
क्या कहते हैं कप्तान और कोच
केरला ब्लास्टर्स के कप्तान एड्रियन लूना ने इंटर काशी को एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी मानते हुए कहा, "भारत में हर मैच मुश्किल होता है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप भारतीय टीम के साथ खेलते हैं या विदेशियों के साथ।" वहीं, कोच एश्ले वेस्टवुड ने अपने इरादे साफ करते हुए कहा, "हमारा एकमात्र मकसद हर फुटबॉल मैच जीतना और ट्रॉफी जीतना है।"
इस मुकाबले में ब्लास्टर्स को अपने डिफेंडर बिकाश युमनाम के बिना ही खेलना होगा, जो पिंडली की चोट के कारण लगभग एक महीने के लिए बाहर हो गए हैं। रविवार को होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए नए अभियान की पहली कड़ी परीक्षा होगी।
इनपुट: IANS


