ISL: नॉर्थईस्ट यूनाइटेड का शानदार प्रदर्शन, केरल ब्लास्टर्स को 4-1 से हराकर टॉप पर पहुँची
इंडियन सुपर लीग (ISL) 2026-27 में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने अपने घरेलू मैदान पर शानदार खेल दिखाते हुए केरल ब्लास्टर्स एफसी को 4-1 के बड़े अंतर से हरा दिया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुवाहाटी के…
इंडियन सुपर लीग (ISL) 2026-27 में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने अपने घरेलू मैदान पर शानदार खेल दिखाते हुए केरल ब्लास्टर्स एफसी को 4-1 के बड़े अंतर से हरा दिया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुवाहाटी के इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में रविवार को हुए इस मुकाबले में अलाएद्दीन अजराई के दो गोलों की बदौलत टीम ने एकतरफा जीत दर्ज की। इस लगातार दूसरी जीत के साथ 'हाइलैंडर्स' के नाम से मशहूर यह टीम अब लीग तालिका में शीर्ष पर पहुँच गई है।
मैच में गोलों की बरसात
जुआन पेड्रो बेनाली की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। मैच के 15वें मिनट में ही मोरक्को के खिलाड़ी अलाएद्दीन अजराई ने एनेको सतरुस्तेगुई के पास पर केरल के गोलकीपर अर्श अनवर को छकाते हुए टीम का खाता खोला। पहले हाफ के खत्म होने से ठीक पहले, स्टॉपेज टाइम (45+4वें मिनट) में एंटोनियो मोयानो ने अजराई के पास पर गोल कर नॉर्थईस्ट की बढ़त को 2-0 कर दिया।
दूसरे हाफ में केरल ब्लास्टर्स ने वापसी की कोशिश की। खेल के एक घंटे पूरे होने पर एड्रियन लूना के फ्लिक पर यानसाने ने गोल दागकर स्कोर 2-1 कर दिया। लेकिन उनकी यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। 70वें मिनट में अजराई ने अपनी क्लास दिखाते हुए केरल की रक्षापंक्ति की एक गलती का फायदा उठाया और बॉक्स के बाहर से एक शानदार शॉट लगाकर अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल कर दिया।
डेब्यू मैच में अमन का गोल
मैच के अंतिम क्षणों में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने अपनी जीत पक्की कर ली। मैदान पर बतौर सब्स्टीट्यूट उतरे डेब्यूटेंट अमन सीके ने 82वें मिनट में मैकार्टन के पास को गोल में बदलकर स्कोर 4-1 कर दिया। केरल ब्लास्टर्स ने अंतर कम करने के कई प्रयास किए, लेकिन हाईलैंडर्स की मजबूत रक्षापंक्ति ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया और मैच एकतरफा जीत के साथ समाप्त हुआ।
इनपुट: IANS


