शनिवार, 7 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
अन्य खेल

निशानेबाजी: जयपाल मालवीय ने भारत को दिलाया LA28 ओलिंपिक का पहला कोटा, विश्व चैंपियनशिप में जीता सिल्वर

भारतीय निशानेबाज़ जयपाल मालवीय ने दोहा में चल रही ISSF विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक का पहला कोटा हासिल कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार…

निशानेबाजी: जयपाल मालवीय ने भारत को दिलाया LA28 ओलिंपिक का पहला कोटा, विश्व चैंपियनशिप में जीता सिल्वर
(फोटो: IANS)

भारतीय निशानेबाज़ जयपाल मालवीय ने दोहा में चल रही ISSF विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक का पहला कोटा हासिल कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, जयपाल ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक पर निशाना साधकर यह अहम उपलब्धि अपने नाम की।

गुरुवार को लुसैल शूटिंग कॉम्प्लेक्स में हुए इस मुकाबले में ओलंपिक के लिए तीन कोटा स्थान दांव पर थे। जयपाल ने फाइनल में बेहतरीन संयम दिखाते हुए 242.2 का स्कोर बनाया और दूसरा स्थान हासिल किया। चीन के हू काई ने 243.9 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक और पहला ओलंपिक कोटा जीता, जबकि चेकिया के जिंद्रिच डुबोवी 220.9 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीतकर तीसरा कोटा हासिल करने में सफल रहे।

फाइनल में जयपाल का दमदार प्रदर्शन

जयपाल शुरू से ही पदक की दौड़ में बने हुए थे। एलिमिनेशन राउंड में उन्होंने लगातार 10 से ऊपर के स्कोर किए, जिनमें 10.8 और 10.7 के शानदार शॉट भी शामिल थे। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने दूसरे प्रतिस्पर्धियों पर बढ़त बना ली। व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में भी उन्होंने 585-23x का स्कोर कर तीसरा स्थान हासिल किया था, जिससे उन्हें फाइनल में जगह मिली थी।

महिला और पुरुष टीम स्पर्धा के नतीजे

इससे पहले, भारत की महिला 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने भी रजत पदक अपने नाम किया था। मनु भाकर, सुरुचि इंदर सिंह और संयम की तिकड़ी ने कुल 1738 का स्कोर बनाया। चीन ने 1745-65x के स्कोर के साथ स्वर्ण और कोरिया गणराज्य ने 1729-49x के साथ कांस्य पदक जीता।

वहीं, पुरुष टीम स्पर्धा में भारत 1730-58x के कुल स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहा। इस श्रेणी में स्वर्ण पदक चीन के नाम रहा, जबकि कोरिया गणराज्य ने रजत और उज्बेकिस्तान ने कांस्य पदक जीता।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →