ISSF वर्ल्ड कप: ईशा सिंह का अचूक निशाना, चीन में चीनी शूटर को हराकर जीता गोल्ड
चीन के हांगझोउ में चल रहे ISSF वर्ल्ड कप में भारतीय निशानेबाजों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सोमवार को हुए मुकाबले में ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक…
चीन के हांगझोउ में चल रहे ISSF वर्ल्ड कप में भारतीय निशानेबाजों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सोमवार को हुए मुकाबले में ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इसी स्पर्धा में ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
शानदार फाइनल में ईशा की जीत
फाइनल मुकाबले में ईशा सिंह शुरू से ही आत्मविश्वास से भरी नजर आईं और उन्होंने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने 50 शॉट्स में 40 का स्कोर हासिल कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। खास बात यह है कि ईशा ने मेजबान देश की शूटर युयुए झांग को तीन अंकों के बड़े अंतर से हराया। झांग 37 अंकों के साथ रजत पदक ही जीत सकीं।
मनु भाकर ने जीता कांस्य
वहीं, कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में भारत की मनु भाकर का सामना उत्तर कोरिया की ह्योन ग्योंग पाक से हुआ। दोनों के बीच बेहद कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अंत में मनु ने डबल शूटऑफ में बाजी मारते हुए देश के लिए एक और पदक पक्का कर लिया।
पदक तालिका में भारत दूसरे स्थान पर
इन दो पदकों के साथ हांगझोउ वर्ल्ड कप में भारत के कुल पदकों की संख्या तीन हो गई है। इससे पहले, संयम ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता था। पदक तालिका में चीन 14 पदकों (छह स्वर्ण सहित) के साथ शीर्ष पर है, जबकि भारत तीन पदकों के साथ दूसरे स्थान पर मजबूती से बना हुआ है।
इनपुट: IANS


