न्यूजीलैंड दौरे पर भारत 'ए' की खराब शुरुआत, सीनियर टीम के स्टार खिलाड़ी सस्ते में ढेर
न्यूजीलैंड के खिलाफ अहम टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए चिंताजनक खबर आई है। लिंकन में न्यूजीलैंड 'ए' के खिलाफ शुरू हुए अनाधिकारिक टेस्ट मैच में भारत 'ए' की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। समाचार…
न्यूजीलैंड के खिलाफ अहम टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए चिंताजनक खबर आई है। लिंकन में न्यूजीलैंड 'ए' के खिलाफ शुरू हुए अनाधिकारिक टेस्ट मैच में भारत 'ए' की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सीनियर टीम के कई प्रमुख बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण पूरी टीम पहली पारी में सिर्फ 113 रनों पर सिमट गई।
कप्तान ध्रुव जुरेल, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन और वाशिंगटन सुंदर जैसे बड़े नाम कीवी गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। ये सभी खिलाड़ी आगामी टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय सीनियर टीम का हिस्सा हैं। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए और अपनी आठवीं गेंद पर पवेलियन लौट गए। उनके जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल ने 17 रन बनाए।
पड्डिकल और राठौड़ ने बचाई लाज
एक समय भारतीय टीम बेहद मामूली स्कोर पर सिमटती दिख रही थी, लेकिन देवदत्त पड्डिकल और यश राठौड़ ने कुछ हद तक पारी को संभाला। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए पड्डिकल ने 32 रनों का योगदान दिया, जबकि छठे नंबर के बल्लेबाज यश राठौड़ 44 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों की पारियों की बदौलत ही टीम 100 रन का आंकड़ा पार कर सकी। इनके अलावा अंशुल कंबोज (10) ही दहाई के अंक तक पहुंच पाए। टीम के छह बल्लेबाज दो अंकों में रन बनाने में नाकाम रहे।
न्यूजीलैंड 'ए' की शानदार गेंदबाजी
बर्ट सटक्लिफ ओवल में न्यूजीलैंड 'ए' ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। उनकी तरफ से साइमन कीन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। जैक गिब्सन ने 3 विकेट लेकर उनका बखूबी साथ दिया, जबकि फ्रेजर शेट और क्रिस्टियन क्लार्क को एक-एक सफलता मिली। जवाब में, रिपोर्ट लिखे जाने तक न्यूजीलैंड 'ए' ने बिना कोई विकेट खोए 14.1 ओवर में 47 रन बना लिए थे।
इनपुट: IANS


