कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक: पैरा-पावरलिफ्टर झंडू कुमार को खेल मंत्री ने 10 लाख रुपये से किया सम्मानित
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का परचम लहराने वाले पैरा-पावरलिफ्टर झंडू कुमार को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है। सोमवार को केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने झंडू कुमार से मुलाका…
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का परचम लहराने वाले पैरा-पावरलिफ्टर झंडू कुमार को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है। सोमवार को केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने झंडू कुमार से मुलाकात की और उन्हें 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। यह सम्मान उन्हें ग्लासगो में हुए खेलों में कांस्य पदक जीतने के लिए दिया गया है।
खेल मंत्री ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने लिखा, "पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार से मिलकर खुशी हुई। उन्होंने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर भारत को गर्व महसूस कराया।" मांडविया ने आगे कहा, "उनकी यह कामयाबी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैरा-स्पोर्ट्स को मुख्यधारा में लाने और यह पक्का करने के विजन का सबूत है कि हमारे पैरा-एथलीटों को हर दूसरे एथलीट की तरह ही प्रथामिकता, सहयोग और अवसर मिलें।"
कांस्य पदक तक का सफर
झंडू कुमार ने पुरुषों की हैवीवेट पैरा-पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में 190 किलोग्राम की सर्वश्रेष्ठ लिफ्ट के साथ कुल 130.9 अंक हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। वह रजत पदक विजेता इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग (131.0 अंक) से महज 0.1 अंक से पीछे रह गए। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने 132.8 अंकों के साथ जीता।
पोलियो को हराकर बने चैंपियन
बिहार के नालंदा जिले के हरनौत में जन्मे झंडू जन्म से ही पोलियो से पीड़ित थे, लेकिन उन्होंने इसे कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। 2017 में उन्होंने पैरा एथलेटिक्स में शॉट पुट और डिस्कस थ्रो (एफ55 श्रेणी) से अपने करियर की शुरुआत की और कई जिला व राज्य स्तरीय पदक जीते। स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के दौरान उनकी रुचि पावरलिफ्टिंग में बढ़ी।
कोच राजिंदर सिंह राहेलू के मार्गदर्शन में उन्होंने तेजी से सफलता की सीढ़ियां चढ़ीं। 2025 में उन्होंने 205 किलो वजन उठाकर नेशनल रिकॉर्ड बनाया और खेलो इंडिया पैरा गेम्स में 206 किलो उठाकर इसे और बेहतर किया। कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले उन्होंने बीजिंग वर्ल्ड कप 2025 और एशियन-ओशिनिया चैंपियनशिप 2026 में भी कांस्य पदक जीते थे।
इनपुट: IANS


