यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो पर ICC का एक्शन, मैदान पर भिड़ने की मिली सज़ा
कोलंबो में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान मैदान पर हुई गरमागरमी का असर अब खिलाड़ियों की जेब पर पड़ा है। भारतीय बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज़ गेंदबाज़ असिथा…
कोलंबो में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान मैदान पर हुई गरमागरमी का असर अब खिलाड़ियों की जेब पर पड़ा है। भारतीय बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज़ गेंदबाज़ असिथा फर्नांडो के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने दोनों पर कड़ा एक्शन लिया है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी ने दोनों खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके अलावा, दोनों के खाते में एक-एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है। यह कार्रवाई आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.12 के उल्लंघन के तहत की गई है, जो मैदान पर किसी भी व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से जुड़ा है।
क्या था पूरा मामला?
यह घटना टेस्ट मैच के पहले दिन घटी। यशस्वी जायसवाल को 45 रन पर क्लीन बोल्ड करने के बाद असिथा फर्नांडो ने काफ़ी आक्रामक अंदाज़ में जश्न मनाया और यशस्वी से कुछ कहा। पवेलियन की ओर लौट रहे जायसवाल अचानक मुड़े और श्रीलंकाई गेंदबाज़ की तरफ़ बढ़ गए, जहाँ उन्होंने अपने हेलमेट से असिथा को टक्कर मार दी। विवाद को बढ़ता देख श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा।
आलोचना और टीम का पक्ष
दिन का खेल खत्म होने के बाद यशस्वी के इस बर्ताव की काफ़ी आलोचना हुई। भारतीय टीम के बल्लेबाज़ी कोच सितांशु कोटक ने भी यह माना कि यशस्वी को असिथा के इतने करीब नहीं जाना चाहिए था। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस तरह की झड़पें अक्सर खेल के दौरान हो जाती हैं।
मैच की बात करें तो जायसवाल पहली पारी में अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। इससे पहले, पहले टेस्ट में भी उनका प्रदर्शन औसत रहा था, जहाँ उन्होंने 32 और 0 के स्कोर बनाए थे। दूसरे दिन टी-ब्रेक तक भारत ने 8 विकेट पर 475 रन बना लिए थे, जिसमें ध्रुव जुरेल 95 रन पर खेल रहे थे।
इनपुट: IANS


